प्रमाणित पशुओं की खरीद के लिए अब ई-पोर्टल

Samachar Jagat | Friday, 25 Nov 2016 04:12:36 AM
Govt to Launch E-Pashu Haat To Encourage Farmers For Dairy Business

नई दिल्ली। सरकार ऐसी व्यवस्था करने जा रही है जिससे किसान अब घर बैठे अपनी इच्छा के अनुरूप उचित कीमत पर उन्नत नस्ल के पशुओं की खरीद कर सकेंगे।

पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज यहां यूनीवार्ता को बताया कि मनचाहे पशुओं की खरीद के लिए वेब पोर्टल ई-पशु हाट विकसित किया गया है जिसके माध्यम से किसान किसी भी नस्ल के दुधारू पशुओं की भी खरीद कर सकते हैं। पोर्टल के माध्यम से पशुओं के अलावा‘फ्रोजन सीमेन’ और‘ एम्ब्रियो‘ की भी खरीद की जा सकती है।

कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह 26 नवम्बर को इस योजना की शुरुआत करेंगे। देश में पहली बार सरकारी स्तर पर किसानों की सुविधा के लिए इस प्रकार की योजना शुरू की जा रही है।

इस पोर्टल पर प्रमाणित पशुओं की तस्वीर,उसके माता-पिता की जानकारी,नस्ल,दूध की मात्रा आदि की जानकारी उपलब्ध रहेगी। पशु चारे की किस्मों, उसकी मात्रा, उसकी कीमत आदि की जानकारी होगी। किसान यदि पशुओं की खरीद करता है तो उसके परिवहन की सुविधा की जानकारी भी पोर्टल से ली जा सकती है।

प्रारंभ में केन्द्र और राज्य सरकारों के पशु प्रजनन फार्म में उपलब्ध बिक्री योग्य पशुओं का विवरण पोर्टल पर डाला जाएगा। किसान भी अपने जानवरों की जानकारी पोर्टल पर डाल सकते हैं लेकिन उसे प्रमाणित कराना होगा। सरकार ने इस वर्ष से नेशनल मिशन फार बोवाइन प्रोडक्टिविटी योजना शुरू की है जिसके तहत ई-पशु हाट योजना शुरू की गई है।

इस मिशन के लिए 825 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है।

आम तौर पर किसान खासकर जिन दुधारू पशुओं की खरीद करते हैं,उसके दूध देने की क्षमता की प्रमाणित जानकारी नहीं होती है और वे केवल पशुओं के नस्ल, आकार-प्रकार और दूध देने की मौखिक जानकारी पर ही पशुओं की खरीद करते हैं। कई बार सही जानकारी नहीं होने के कारण उन्हें भारी नुकसान भी उठाना पड़ता है।

इस व्यवस्था के शुरू होने पर किसान प्रमाणित तौर पर पशुओं की खरीद कर सकेंगे तथा धोखाधड़ी का शिकार होने से भी बच सकेंगे। इससे पूर्व सरकार ने किसानों से अपने उत्पादों की खरीद बिक्री के लिए ई-नाम योजना शुरू की थी। इस पर जाकर किसान देश के विभिन्न हिस्सों में कृषि उत्पादों की कीमत, उसकी उपलब्धता आदि की भी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है जिससे उन्हें उचित कीमत मिलने में मदद मिलती है।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.