जयपुर: 2 करोड़ 27 लाख रूपए के नोटों के साथ 18 गिरफ्तार

Samachar Jagat | Sunday, 20 Nov 2016 01:25:34 PM
18 arrested with 2 crore 27 lakh notes in Jaipur

जयपुर। राजस्थान पुलिस ने अलग अलग स्थानों से पांच महिलाओं सहित 18 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हजार एवं पांच सौ रूपए के 2 करोड़ 27 लाख 13 हजार रूपये बरामद किए है। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पुलिस द्वारा कल की गई इस कार्रवाई में जप्त की गई राशि के बारे में आयकर विभाग को जानकारी दे दी गई है। आयकर विभाग इस संबंध में संबंधितों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को संदेह है कि गिरफ्तार किए गए सभी लोग इस राशि को बदलवाने के प्रयास में थे। 

पुलिस के अनुसार सर्वाधिक एक करोड़ 32 लाख 43 हजार रूपए  कल रात अलवर जिले के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में पांच महिलाओं सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया है। बरामद राशि अलवर की एक निजी बैंक की बताई गई है।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगों में अलवर अरबन कोपरेटिव बैंक का उपाध्यक्ष अशोक जोशी भी शामिल है। गिरफ्तार की गई महिलाएं भी इसी बैंक में नोकरी करती बताई गई है। बरामद रुपयों में पांच सौ और एक हजार रूपए के नोट शामिल है जो छह बैगों में तीन अलग अलग गाडिय़ों से दिल्ली ले जाए जा रहे थे।

अलवर पुलिस ने कल ही तिजारा में 17 लाख रूपए बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने धौलपुर जिले के रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

इसी तरह जयपुर के संजय सर्किल पुलिस ने एक स्क्रेप व्यापारी को गिरफ्तार कर उससे 60 लाख रूपए के पुराने पांच सौ और हजार रूपये के नोट बरामद किए है। पुलिस उपायुक्त उत्तर अंशुमन भौमिया ने बताया कि चांदपोल गेट के बाहर दाता हाउस के समीप स्क्रेप व्यापारी गिरधारी लाल अग्रवाल नोटों के साथ किसी का इंतजार कर रहा था पुलिस को देखकर वह भागने लगा जिस पर पुलिस ने पकड़ कर उसकी तलाशी ली तो उसके बैग से यह राशि बरामद हुई।

राजकीय रेलवे पुलिस ने जोधपुर विशाखापतनम रेल से एक दंपति जगदीश गांधी और उसकी पत्नी किरण गांधी से 10 लाख 10 हजार रूपए बरामद किए । अजमेर राजकीय रेलवे पुलिस ने भी रेलवे स्टेशन पर दो युवकों को 17 लाख रूपए के हजार और पांच सौ के नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। 
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.