अब साइकिल से करिए आगरा से इटावा का सफर

Samachar Jagat | Saturday, 26 Nov 2016 03:51:07 PM
akhilesh yadav will innaugrate Agra Etawah bicycle track highway

आगरा। ताजनगरी आगरा से इटावा के लायन सफारी के बीच 207 किलोमीटर की दूरी अब साइकिल से मापना भी संभव हो सकेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कल अपने गृहनगर इटावा में देश के इस सबसे लंबे साइकिल हाइवे का लोकार्पण करेंगे। 

इस अवसर पर यादव ताजमहल परियोजना को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। दुनिया के अजूबों में शामिल ताजमहल के आसपास के क्षेत्र को सजाने संवारने की इस परियोजना में 197 करोड़ रूपए से ज्यादा की धनराशि खर्च की गई है। इसके अलावा ताजमहल को यमुना एक्सप्रेस वे से जोडऩे वाली इनर भरग रोड समेत ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कुछ अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।

पर्यावरण और खेल प्रेमी मुख्यमंत्री यहां एक साइकिल रैली को भी हरी झंडी दिखाएंगेे। रैली में शामिल साइकिल सवार ताजमहल के पूर्वी गेट से निकल कर तीन दिन में 207 किमी का सफर तय कर लायन सफारी पहुंचेंगे।

इस रैली में स्वीडन,जर्मनी और बांग्लादेश के अलावा देश के 12 राज्यों के साइकिल सवार रैली में हिस्सा लेंगे। कल सुबह ताजमहल से निकल कर यह रैली बटेश्वर नाथ मंदिर, नौगावा किला समेत कई एतिहासिक धरोहरों से गुजरती हुई 29 नवम्बर को इटावा के लायन सफारी पहुंचेगी। राज्य सरकार ने साइकिल हाइवे के निर्माण के लिए 133. 78 करोड़ रूपए खर्च किए गए हैं।

रैली में विदेशी सैलानियों के अलावा स्कूली बच्चे और स्थानीय लोग भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे। यहां दिलचस्प तथ्य यह है कि यादव ने पिछले साल दिसम्बर में बर्ड फेस्टिवल के मौके पर साइकिल ट्रैक के निर्माण की घोषणा की थी। इस बार दो दिसम्बर को आगरा के चंबल क्षेत्र में दूसरी बार बर्ड फेस्टिवल का आयोजन किया गया है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसके तहत ताजमहल के इर्द गिर्द बसी 15 झुुग्गी क्षेत्र को सजाया संवारा गया है। इसके अलावा सडक के किनारे 500 मीटर के क्षेत्रफल में बसे स्मारकों को लाल पत्थर से नया रंगरूप दिया गया है। ताजमहल के आसपास सुरक्षा के कडे बंदोबस्त के लिहाज से सुरक्षा गार्डो की तैनाती के अलावा सीसीटीवी कैमरे से 24 घंटे कडी नजर रखी जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि परियोजना दो साल के भीतर पूरी हुई है। इनर रिंग रोड के साथ पर्यटक ताज भ्रमण के दौरान विश्वस्तरीय सुख सुविधाओं का मजा ले सकेंगे। पहले चरण में 11 किमी लंबे इनर रिंग रोड के निर्माण की लागत 820 करोड़ रूपए आई है।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.