नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के निजामुद्दीन क्षेत्र में एक कार ने शुक्रवार की तडक़े सडक़ के किनारे सो रहे लोगों को कुचल दिया। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान 23 वर्षीय आरिफ खान के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान साहिब (23), शेख साजू (48) और नौशाद (23) के रूप में हुई। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) चिन्मय बिस्वाल ने बताया, ‘‘ शुक्रवार तडक़े तीन बजकर 33 मिनट पर यह जानकारी मिली। पीडि़तों को तत्काल एम्स ले जाया गया जहा आरिफ को मृत घोषित कर दिया गया।’’
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद 36 वर्षीय आरोपी अभिषेक दत्त को गिरफ्तार कर लिया गया और ऐसा पाया गया कि वह दुर्घटना के समय शराब पीकर वाहन चला रहा था। उन्होंने बताया कि हजरत निजामुद्दीन पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। -(एजेंसी)