नोटबंदी के खिलाफ कांग्रेस ने निकाली जनआक्रोश रैली

Samachar Jagat | Thursday, 24 Nov 2016 07:03:36 PM
jaipur congress protest in jaipur over demonetization

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की ओर से नोटबंदी के कारण उत्पन्न संकट से जनता को राहत दिलाने के लिये आज समूचे राजस्थान में जन आक्रोश रैली आयोजित कर राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर इसके समाधान के लिये तुंरत कार्यवाही की मांग की गयी।

राजधानी जयपुर में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सवेरे से ही पहुंचने शुरू हो गये। नोटबंदी के कारण बैंकों से पैसे नहीं मिलने के कारण कार्यकर्ताओं में काफी रोष देखा गया। कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे ओर बैनर लिये हुये थे। अपराह्न लगभग दो बजे प्रदेश मुख्यालय से पैदल मार्च करते हुये कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुये। कार्यकर्ता मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी, नहीं चलेगी नोटबंदी के कारण जनता परेशान, आदि नारे लिखे बैनर लिये हुये थे। रैली में पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल थे। जिला कलेक्ट्रेट पहुंच कर रैली सभा में परिवर्तित हो गयी।

अजमेर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांधी भवन से एकत्रित होकर जिला कलेक्ट्रेट तक जन आक्रोश रैली निकाली। जहां कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 

इस अवसर पर आयोजित सभा में पायलट ने केन्द्र की मोदी सरकार पर नोटबंदी के नाम पर गरीब और श्रमिकों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता को राहत देने के बजाय भारतीय जनता पार्टी से संबंद्ध उद्योगपतियों और कारोबारियों को सहयोग कर रही है। उन्होंने अम्बानी, अदानी का उल्लेख करते हुये कहा कि नोटबंदी की आड में ऐसे उद्योगपतियों को राहत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से देश में कालाधन और भ्रष्टाचार मिटने वाला नहीं है। 

उन्होंने सरकार से नोटबंदी के कारण परेशानियों का शीघ्र निदान करने की मांग करते हुये चेतावनी दी कि जनता के साथ हो रहे अन्याय को कांग्रेस कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। बाद में एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर किशोर कुमार को ज्ञापन दिया।

अलवर संवाददाता के अनुसार शहर के प्रमुख मार्गो से जनाक्रोश रैली निकाली गयी। रैली में शामिल पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र भसह और पूर्व स्वास्थ्य राज्य मंत्री नवाब र्दुरूमियां के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने नोटबंदी को वापस लेने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया। रैली में राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विधायक शकुंतला रावत भी शामिल थी। 

कोटा से प्राप्त जानकारी के अनुसार वहां आयोजित जनाक्रोश रैली में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर नारेबाजी कर आक्रोश व्यक्त किया। रैली के बाद आयोजित सभा में पूर्व मंत्री शांति लाल धारीवाल, भरत सिंह, पूर्व सांसद इज्यराज सिंह ने अपने विचार व्यक्त किये। प्रदेश के अन्य स्थानों से भी कांग्रेस की जन आक्रोश रैली निकालने की सूचना है।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.