शहडोल और नेपानगर उपचुनाव के लिए मतदान प्रारंभ

Samachar Jagat | Saturday, 19 Nov 2016 08:40:21 AM
Nepanagar Shahdol and start voting for elections

भोपाल। मध्यप्रदेश के शहडोल लोकसभा और नेपानगर विधानसभा उपचुनाव के लिए शनिवार सुबह सात बजे से सख्त सुरक्षा इंतजामों के बीच मतदान प्रारंभ हो गया, जो शाम पांच बजे तक चलेगा। यहां मुख्य मुकाबला सत्तारूढ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच है।

उपचुनाव के लिए शहडोल में 2070 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 385 संवेदनशील मतदान केन्द्र हैं। वहीं नेपानगर में 296 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं जिनमें 38 संवेदनशील हैं। शहडोल में कुल 16 लाख 787 मतदाता हैं जिसमें सात लाख 74 हजार 889 महिला मतदाता शामिल हैं। इसी तरह नेपानगर में दो लाख 38 हजार 420 मतदाता हैं जिसमें एक लाख 11 हजार 744 महिला मतदाता शामिल हैं जो अपने-अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।

दोनों उपचुनाव के लिए मतों की गणना का कार्य 22 नवंबर को होगा। दोनों ही सीटें अनुसूचित जाति वर्ग के लिए सुरक्षित की गयी है। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के उद्देश्य से शहडोल में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की और विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) की 15-15 कंपनियां तैनात की गई हैं। वहीं नेपानगर में 179 पुलिस अधिकारियों के साथ जिला पुलिस बल के 2431 सिपाही और होमगार्ड के 1813 जवानों को तैनात किया गया है।

शहडोल लोकसभा उपचुनाव में भाजपा के ज्ञान सिंह का मुख्य मुकाबला कांग्रेस की हिमाद्री सिंह से है। यहां कुल 17 प्रत्याशी चुनावी मैदान पर है जिसमें 9 निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं। यह उपचुनाव भाजपा सांसद दलपत सिंह परस्ते के निधन के चलते हो रहा है। नेपानगर में मुख्य मुकाबला भाजपा की मंजू दादू और कांग्रेस प्रत्याशी अन्तरसिंह के बीच हैं। यहां कुल चार प्रत्याशी चुनावी मैदान पर हैं। यह उपचुनाव भाजपा विधायक राजेन्द्र श्यामलाल दादू के निधन के कारण हो रहा है।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.