नाइजीरिया में चर्च की छत ढहने से 60 की मौत, गर्वनर उडोम बाल-बाल बचे

Samachar Jagat | Sunday, 11 Dec 2016 01:27:58 PM
60 killed in Nigeria church roof collapsed governor narrowly avoided Udom

लागोस। पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजीरिया में एक चर्च की छत ढह गई, जिससे 60 लोगों की मौत हो गई। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना नाइजीरिया के दक्षिण-पूर्वी राज्य अकवा इबोम की राजधानी उयो में शनिवार सुबह हुई, जब सैकड़ों लोग रीगनर्स बाइबिल चर्च में बिशप के ऑर्डनेशन के सिलसिले में एकत्र हुए थे। इसमें अकवा इबोम राज्य के गवर्नर उडोम एमानुएल भी शामिल हुए थे, लेकिन वह इस घटना में हताहत नहीं हुए। कुछ अन्य रिपोर्ट में मृतकों की संख्या बढऩे का अंदेशा जताया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चर्च में निर्माण कार्य चल रहा था और इसमें जुटे कर्मी इसे ऑर्डनेशन समारोह से पहले पूरा कर लेने की जल्दी में थे। एमानुएल ने इसकी जांच कराने के आदेश दिए हैं कि क्या निर्माण कार्यो के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई? राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी ने घटना पर गहरा दुख जताया है। एक बचाव अधिकारी ने बताया कि 60 शव निकाले गए हैं।

क्रेन से मलबा हटाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस घटना में बचने वाले एक शख्स ने नाइजीरिया के चैनल्स टीवी को बताया, चर्च की सामान्य सेवा जारी थी। गवर्नर को आए 20 मिनट हो गए थे। अचानक वहां मौजूद श्रद्धालुओं पर छत गिर पड़ी। गवर्नर जल्दी से बाहर निकल गए, पर अन्य इतने सौभाग्यशाली नहीं थे।

 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.