भारतीय अमेरिकी दंपति पर मानव तस्करी का आरोप

Samachar Jagat | Friday, 18 Nov 2016 11:24:19 AM
Indian-American couple accused of human trafficking

वाशिंगटन। अमेरिका में एक भारतीय-अमेरिकी दंपति पर मानव तस्करी के आरोप लगाए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि उनपर विदेशी नागरिकों, विशेषकर भारतीय नागरिकों से बंधुआ मजदूरी करवाने का आरोप है। अमेरिकी की फेडरल ज्यूरी ने 43 वर्षीय सतीश करतान और उसकी 38 वर्षीय पत्नी शर्मिष्ठा बराई पर बंधुआ मजदूरी करवाने की साजिश रचने और बंधुआ मजदूरी करवाने के आरोप लगाये हैं।

न्याय विभाग ने कल बताया कि करतान पर धोखाधड़़ी करके विदेशी मजदूरों से संपर्क करने और बराई पर बंधुआ मजदूरी का लाभ लेने के आरोप लगाए गए हैं। दोषी पाए जाने पर दोनों आरोपियों को अधिकतम 20-20 साल कारावास की सजा सुनाई जा सकती है और उन पर 2,50,000 डॉलर जुर्माना लगाया जा सकता है। कैलिफोर्निया के रहने वाले दंपति को एक आपराधिक शिकायत के आधार पर 21 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद उन्हें विशेष शर्तों के साथ जमानत पर रिहा कर दिया गया था जिसके अनुसार उन्हें घरेलू काम अथवा ब‘चे की देखभाल के लिए रिश्तेदार के अलावा किसी अन्य को रखने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। मामले की आगे की सुनवाई 21 नवंबर को होगी। अदालत के दस्तावेजों के अनुसार 21 फरवरी 2014 से तीन अक्टूबर 2016 के बीच करतान और बराई ने अमेरिका में अलग अलग स्थानों पर अपने मकानों में घरेलू काम करने के लिए विदेशों से कामगार काम पर रखे थे।

संघीय अभियोजकों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कामगारों की तलाश के लिए इंटरनेट एवं भारत के समाचार पत्र में विज्ञापन दिये थे जिसमें उन्होंने कर्मी के काम एवं वेतन के बारे में गलत जानकारी दी। इसमें कहा गया, ‘‘कर्मियों के आरोपियों के पास पहुंचने के बाद करतान और बराई ने उन्हें एक दिन में 18 घंटे तक काम करने के लिए बाध्य किया और उन्हें आराम के लिए बहुत कम समय और बहुत थोड़ा खाना दिया जाता था। इसके अलावा आरोपी उन्हें काम के बदले कोई भुगतान नहीं करते थे और उन्हें पीटते भी थे।भाषा 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.