11 जनवरी : एक क्लिक में पढ़े दिनभर की 10 बड़ी खबरें

Samachar Jagat | Wednesday, 11 Jan 2017 04:56:31 PM
 11 January : 10 big news of day reading in one click

नारायण सांई के UP में चुनाव लड़ने से नाराज हुए आसाराम!

जोधपुर। अपने ही गुरुकुल की नाबालिग छात्रा के साथ यौन दुराचार के आरोप में जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद आसाराम अपने बेटे के चुनाव लड़ने के एलान से नाखुश हैं। आसाराम ने अपने बेटे के इस कदम पर गहरी नाराजगी मीडिया के सामने व्यक्त की है।

मंगलवार को कोर्ट में पेशी के दौरान आसाराम ने अपने पुत्र नारायण सांई को लेकर मीडिया से बात की। कोर्ट में पेश होते समय आसाराम से जब मीडिया ने नारायण सांई के चुनाव लड़ने का सवाल किया तो उन्होंने कहा कि, मेरे बेटे को कुछ स्वार्थी लोग बहका रहे हैं। उस कहां आवश्यकता है पार्टी बनाने की और चुनाव लड़ने की। सभी पार्टियां हमारी हैं। उसे कहां चुनाव लड़ना है, वो सही नहीं कर रहा है। 

आपको बता दें कि नारायण सांई ने पिछले दिनों ही उत्तरप्रदेश में नई पार्टी बना चुनाव लड़ने की बात कही थी। नारायण साईं के खिलाफ सूरत सहित कई जगह आपराधिक मामले सामने आए हैं। ऐसे में आसाराम ने नारायण सांई के चुनाव लड़ने पर गहरी नाराजगी जताई है।

मुलायम ने रामगोपाल पर जड़ा पार्टी तोडऩे का आरोप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सत्ता पर आसीन समाजवादी पार्टी (सपा) के औपचारिक रुप से दो फाड होने की इबारत लिखी जा चुकी है। यादव परिवार में करीब सात महीने से चल रहे घमासान के बाद सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव बुधवार दोपहर अचानक पार्टी के राज्य मुख्यालय पहुंचे जहां मीडियाकर्मियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री बेटे अखिलेश यादव तथा भाई रामगोपाल यादव के खिलाफ सार्वजनिक रुप से जमकर भड़ास निकाली।

कार्यकर्ताओं से साथ निभाने की भावपूर्ण अपील करते हुए उन्होंने कहा, केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के डर से रामगोपाल सपा को तोड़ रहा है। चुनाव आयोग में उसने अखिल भारतीय समाजवादी पार्टी के नाम से नई पार्टी के रजिस्ट्रेशन की अर्जी दी है। मोटरसाइकिल चुनाव चिन्ह मांगा है। उन्होंने कहा, हमने काफी संघर्षों से जूझकर पार्टी खड़ी की। किसी की राय के बगैर अखिलेश को मुख्यमंत्री बना दिया। हमारे पास जो कुछ था उनको दे दिया। अब मेरे पास सिर्फ कार्यकता बचे हैं। रामगोपाल बहू-बेटे भ्रष्टाचार के मामले में फंसे हुए हैं। रामगोपाल दूसरी पार्टी से इसी कारण तीन बार मिल चुके हैं और उसी पार्टी के दबाव में सपा तोड़ रहे हैं। मुझसे कहते तो मैं दोनों को बचा लेता।

सड़क हादसे में पुष्कर मंदिर महंत सोमपुरी समेत 3 की मौत

जयपुर के पास दूदू में हुए एक सडक हादसे में पुष्कर के विश्व प्रसिंद्द ब्रह्मा मंदिर के महंत सोमपुरी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दुर्घटना में पुलिस कांस्टेबल विजयलक्ष्मी समेत तीन की भी मौत हो गई है जबकि एक अन्य गम्भीर घायल रुप से घायल है ।

जानकारी के अनुसार ब्रह्मा मंदिर के महंत सोमपुरी  स्वीप्ट डिज़ायर कार से जयपुर जा रहे थे। इसी दौरान दूदू के पास पडसोली के नजदीक सडक पर खड़े पानी के टैंकर में कार टकरा गई। तेज स्पीड के कारण कार टैंकर में घुस गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पिचक गया।  तीनो शवों को बडी मुश्किल से निकाला गया। पुष्कर में महंत की मौत के समाचार मिलते ही भक्तों और मंदिर प्रशासन में मातम छा गया है।

4 बीवी, 40 बच्चे वाले बयान पर साक्षी महाराज ने दी सफाई

नई दिल्ली। 4 बीवी, 40 बच्चे वाले बयान पर बुरी तरह फंसे बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने चुनाव आयोग के समक्ष सफाई दी है। चुनाव आयोग के नोटिस का जवाब देते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि उन्होंने किसी धर्म पर टिप्पणी नहीं की थी बल्कि जनसंख्या पर नियंत्रण किए जाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि यह बयान किसी राजनीतिक रैली में नहीं, संतों के कार्यक्रम में दिया गया था। साक्षी महाराज ने अपने बयान पर खेद जताने से साफ इंकार कर दिया है। साक्षी महाराज ने कहा कि वह अपने बयान पर कायम हैं।

आयोग को जवाब देने के बाद मीडिया से बातचीत में साक्षी ने कहा कि उनकी टिप्पणी किसी धर्म के खिलाफ नहीं थी। उन्होंने हास्यास्पद तुलना करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी 16,000 शादियां की थीं। साक्षी यहीं नहीं रुके, उन्होंने आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके भी कई बच्चे हैं।

साक्षी ने आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप को नकारते हुए कहा कि मैंने यह बयान किसी राजनीतिक कार्यक्रम में नहीं दिया गया, वह संतों द्वारा आयोजित कार्यक्रम था। मैंने किसी धर्म का नाम नहीं लिया। जनसंख्या पर नियंत्रण होना चाहिए। औरतें बच्चा पैदा करने की मशीन नहीं हैं। हिंदुओं में भी कई लोगों के ज्यादा बच्चे हैं।

युवराज ने धोनी के साथ दिखाया दोस्ताना, जमकर की प्रशंसा

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गज क्रिकेटरों महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह के बीच भले ही रिश्तों को बहुत अच्छा नहीं माना गया हो लेकिन युवी ने भारत ए और इंग्लैंड के बीच मैच में किए गए प्रदर्शन के लिए पूर्व कप्तान की न सिर्फ जमकर प्रशंसा की बल्कि प्रशंसकों के साथ एक वीडियो शेयर कर अपनी दोस्ती का भी इजहार किया।

इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवर सीरीज से ठीक पहले कप्तानी छोडऩे वाले धोनी ने इंग्लैंड और भारत ए के बीच खेले गए अभ्यास मैच में अर्धशतकीय पारी खेली थी। इसके बाद युवराज ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो संदेश पोस्ट किया जिसमें पूर्व कप्तान और वह साथ दिख रहे हैं।

वीडियो में अनुभवी ऑलराउंडर युवराज धोनी के कंधे पर हाथ रखकर खड़े हैं जिसमें नीचे लिखा है आपका करियर बतौर कप्तान बहुत अच्छा रहा जिसमें तीन बड़ी जीत, दो विश्वकप, अब पुराने धोनी को देखने का समय है।

इस वीडियो में दोनों ही खिलाड़ी एक दूसरे की क्रिकेट में उनके योगदान और प्रदर्शन के लिए प्रशंसा कर रहे हैं। दोनों वीडियो में जिस तरह से एक दूसरे के करीब दिखाई दे रहे हैं उसने उन दोनों के तल्ख रिश्तों पर सवाल उठाने वाले लोगों को भी जवाब दिया है। बड़े ही मजे के मूड में युवराज साथ ही धोनी से उनके बतौर कप्तान अब तक के सफर को लेकर भी सवाल पूछ दिख रहे हैं।

कांग्रेस की सत्ता के साथ आएंगे ‘अच्छे दिन ‘: राहुल

नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार ढाई साल की अपनी विफलताओं छिपाने के लिए नोटबंदी लेकर आई है और कांग्रेसी शासन के साथ ही अब ‘अच्छे दिन’आएंगे।

गांधी ने केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ यहां पार्टी के ‘जन वेदना सम्मेलन’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ढाई साल के शासन में पूरी तरह से असफल रही है। उन्होंने स्वच्छता अभियान को फैशन करार देते हुए कहा कि सरकार ने ढाई वर्ष के दौरान मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, डिजीटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और ‘कई इंडिया’ शुरू किए है जो असफल रहे हैं।

प्रधानमंत्री इन विफलताओं को छिपाने के लिए नोटबंदी लेकर आए है। मोदी के चुनावी नारे ‘अच्छे दिन’ का इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि अब कांग्रेस के शासन के साथ ही ‘ अच्छे दिन’ आएंगे। उन्होंने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों और भ्रष्टाचार तथा कालेधन के खिलाफ बने कानूनों का भी उल्लेख किया।

चिरंजीवी की फिल्म 'खिलाड़ी नं. 150' पर खाड़ी के देशों की कंपनियों ने किया हॉलिडे

मुंबई। तेलुगू फ़िल्मों के बादशाहों के बादशाह, सिनेमा के मुग़ल चिरंजीवी की आक भारत सहित कई देशो में एक साथ फिल्म  'खिलाड़ी नं. 150' रिलीज़  हो चुकी हैं। इस मौके पर फिल्म के लिए खाड़ी के देशों की कई कंस्ट्रक्शन कंपनियों और कई अन्य फर्मों ने हॉलिडे घोषित कर दिया है।

चिरंजीवी की नई फिल्म खाड़ी के देशों में लगभग 500 थिअटर में स्क्रीन की जाएंगी। केवल यूएई में ही यह फिल्म 20 थिअटर में रिलीज हो रही है। इस  फिल्म की खासियत यह है की चिरंजीवी इसके जरिये 10 वर्षों के बाद पहली बार यह तेलुगु सुपरस्टार रुपहले पर्दे पर दिखेगा। दूसरी बड़ी वजह यह बताई जा रही है कि यह चिरंजीवी की 150वीं फिल्म है। 

यहां बता दें कि बहरीन, ओमान, सऊदी अरब, कतर और यूएई में 4 लाख से ज्यादा तेलगु लोग काम करते हैं। इनमें से ज्यादातर लोग अलग-अलग कंपनियों में मजदूर का काम करते हैं जबकि कुछ ही लोग अधिकारी स्तर पर काम करते हैं।

क्राइम कैपिटल बना दिल्ली और जयपुर ! एक से ऑटो में तो दूसरी से फुटपाथ पर किया गैंगरेप

नई दिल्ली। देशभर में गैंगरेप की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटनाएं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और राजस्थान की राजधानी जयपुर की है। जहां पर दो लड़कियों के साथ सामूहिक बलात्कार की घटनाएं सामने आई है। इन घटनाओं ने फिर मानवता को शर्मसार किया है। आपको बता दें कि फुटपाथ पर रहने वाली एक नाबालिग से सामूहिक बलात्कार और उसके बेबस हालात की झकझोर देने वाला नजारे से दिल्ली सहम गई है।

ये नाबालिग पुलिस को पांडव नगर में रोड पर तड़पती हुई हालत में मिली थी। हॉस्पिटल ले जाने पर पता चला कि साढ़े सात महिने की गर्भवती है। 29 दिसंबर को गंभीर हालत में किशोरी मेट्रो स्टेशन पार्किंग के नजदीक मिली थी। पीडि़त को हॉस्पिटल ले जाने पर उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली। उपचार के बाद स्थिति में सुधार होने पर उसने एक बच्ची को जन्म दिया। पुलिस ने पीडि़ता से पूछताछ के बाद 2 नाबालिगों को पकड़ा है, बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पीडि़ता ने अपने बयान में कहा कि 3-4 नाबालिगों ने उससे गैंगरेप किया है। ऐसे में पुलिस पॉक्सो एक्ट सहित सामूहिक दुष्कर्म आदि धाराओं में केस दर्ज कर पड़ताल में जुटी है। पुलिस की मानें तो 29 दिसंबर को नाबालिग खून से लथपथ बेहद गंभीर अवस्था में मिली थी और कुछ बता भी नहीं पा रही थी। ऐसे में पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, तो पता चला कि वे सात माह की गर्भवती भी है और कुछ ही दिनों में पीडि़ता ने बच्ची को जन्म भी दिया।

जयपुर की युवती से ऑटो में रातभर गैंगरेप
जयपुर में सोमवार रात जिस युवती को रेलवे स्टेशन से जगतपुरा छोडऩे के लिए ऑटो में बैठाकर युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया था उसी वीडियो क्लिपिंग भी बनाई गई थी। सामूहिक बलात्कार की शिकार युवती के मुताबिक उसे ऑटो में आरोपियों ने कोई नशीला पदार्थ पिलाया और फिर दुष्कर्म किया। इस दरिंदगी का वीडियो भी बनाया था।

युवती के साथ ऑटोरिक्शा में छेड़छाड़ और फिर दरिंदगी की इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपियों ने किसी को इस का जिक्र तक करने पर यह वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी भी थी। गौरतलब है कि जयपुर रेलवे स्टेशन से जगतपुरा अपने घर जाने के लिए ऑटोरिक्शा में सवार हुई थी। उसे ऑटोरिक्शा से घर जाना था लेकिन ऑटो में पहले से सवार तीन युवक इसी मौके की फिराक में थे, युवती जैसे ही ऑटो में सवार हुई उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।

अपने बयान में पीडि़ता ने बताया कि ऑटो में युवकों ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसे दबोच लिया। उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी और करीब दो घंटें तक यहां-वहां घूमाते रहे। इस बीच उसे सिर्फ एक ही जगह पहचान आया जब ऑटो नारायण सिंह सर्किल से गुजरा था।

पीडि़ता ने बताया कि उसे घंटों ऑटो में घूमाने के बाद एक पार्क जैसी जगह लेकर गए। वहां दो या तीन युवकों ने दुष्कर्म किया। आंखों पर पट्टी बंधी थी इसलिए गैंगरेप करने वाले कितने लोग थे यह सही-सही नहीं पता। सामूहिक बलात्कार के बाद पीडि़ता को जेएलएन मार्ग स्थित एमएनआईटी के बाहर पटक कर चले गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

विदाई भाषण में ओबामा ने मिशेल और बेटियों का शुक्रिया अदा किया

शिकागो। भावुक बराक ओबामा ने अपने विदाई भाषण में पत्नी मिशेल का शुक्रिया अदा किया। ओबामा ने कहा कि मिशेल ने उनके सियासी सपनों को पूरा करने के लिए कई त्याग किए हैं। उन्होंने मिशेल को अपनी ‘‘सबसे अच्छी दोस्त’’ और नई पीढ़ी के लिए ‘‘आदर्श’’ बताया।ओबामा ने अपने हजारों समर्थकों से कहा, ‘‘मिशेल, बीते 25 साल से आप मेरी पत्नी, मेरे बच्चों की मां होने के साथ-साथ मेरी सबसे अच्छी दोस्त भी हैं।

यहां पहली पंक्ति में प्रथम महिला मिशेल अपनी सबसे छोटी मालिया और अपनी मां के साथ बैठी थीं।निवर्तमान राष्ट्रपति ओबामा ने मिशेल को शुक्रिया कहा तो वहां मौजूद सभी लोग उनके सम्मान में खड़े हो गए। ओबामा ने मिशेल के बारे में कहा कि जो जिम्मेदारी और भूमिका आपने नहीं मांगी थी उसे भी आपने बहुत ही सुंदर ढंग से, दृढ़ता से और अपने हास्यबोध के जरिए अपनाया और निभाया। व्हाइट हाउस को आपने सभी के लिए सुगम बनाया।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की नजरें अब और ऊंचे लक्ष्यों पर हैं क्योंकि उनकी रोल मॉडल आप हैं। मुझे आप पर गर्व है। आपने देश का मान बढ़ाया है। निवर्तमान राष्ट्रपति ने अपनी बेटियों साशा और मालिया का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि मालिया और साशा,असाधारण परिस्थितियों में आप दोनों बेहतरीन, स्मार्ट और खूबसूरत युवतियों के रूप में सामने आई हैं लेकिन सबसे महत्वपूर्ण यह है कि आप दयालु, विचारशील और उत्साह से भरपूर हैं।

इतने वर्षों तक स्पॉटलाइट में रहने का बोझ आपने इतनी आसानी से उठाया। मैंने अपने जीवन में जो कुछ भी किया है उसमें सबसे ज्यादा गर्व मुझे आपका पिता होने में है। इस दौरान मालिया लगातार अपने आसुंओं को रोकने की कोशिश कर रही थीं।

दो महीने बाद सेंसेक्स हुआ 27 हजारी, निफ्टी भी 92 अंक चढ़ा

मुंबई। शेयर बाजार में आज जबरदस्त उछाल देखा गया। सेंसेक्स 240.85 अंक बढक़र 27,140.41 अंक, निफ्टी 92.05 अंक चढक़र 8,380.65 अंक पर बंद हुआ। बीएसई का सेंसेक्स आज फिर बढ़त के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में 145 अंकों की शानदार बढ़त के साथ 27000 के स्तर को पार कर गया।

इस बढ़त के साथ बंबई स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स 27,040 अंक पर पहुंच गया। इसी प्रकार एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी भी 92.05 अंक की बढ़त के साथ 8,380.65 अंक पर पहुंच गया। मिडकैप और स्मॉलकैप के शेयरों में भी तेजी का सिलसिला जारी रहा। मिडकैप के शेयर ने जहां 89 अंक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है, वहीं स्मॉलकैप के शेयरों में 75 अंकों की तेजी दर्ज की जा गई।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.