आंध्र प्रदेश में नौका डूबने से 13 लोगों की मौत

Samachar Jagat | Friday, 28 Apr 2017 10:16:02 PM
13 feared dead as boat capsizes in Anantapur

अमरावती। आंध्र प्रदेश में अनंतपुरम जिले की एक जलधारा में आज एक नौका डूब जाने के कारण कम से कम 13 लोगों की मौत हो गयी जबकि चार अन्य लापता हो गये।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी पीडि़त करीबी रिश्तेदार थे और इनमें से अधिकांश लोग एक ही परिवार से ताल्लुक रखते थे।

अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में कम से कम छह बच्चे और पांच से अधिक महिलाएं होने का अंदेशा है।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख व्यक्त किया और अनंतपुरम जिला क्लेक्टर और पुलिस अधीक्षक को तत्काल बचाव और राहत अभियान शुरू करने का निर्देश दिया ।

स्वास्थ्य मंत्री कामिनेनी श्रीनिवास ने बताया कि 10 से अधिक शवों को पानी से निकाल लिया गया है और इन्हें पोस्टमार्टम के लिए गुंतकल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस के मुताबिक नौका में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के कारण हादसा होने की आशंका है।

पुलिस ने बताया कि गुंतकल के नजदीक येरा तिम्माराजू वागू में 17 लोगों ने एक समारोह में हिस्सा लेने के बाद नौका विहार का मजा लेने के लिए डोंगी ली।

पुलिस ने बताया कि सब लोग एक साथ जाना चाहते थे इसलिए स्थानीय मछुआरों को डोंगी में सवार नहीं होने दिया गया। वह लोग मछली पकडऩे के लिए डोंगी का इस्तेमाल करते हैं।

उप मुख्यमंत्री गृह एन चाइना राजप्पा ने घटना पर शोक व्यक्त किया और जिला पुलिस अधीक्षक से पोस्टमार्टम की तत्काल व्यवस्था करने और शव पीडि़तों के परिजन को सौंपने को कहा।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.