भोपाल । मध्यप्रदेश के शहडोल लोकसभा और नेपानगर विधानसभा क्षेत्रों में आज सुबह आठ बजे से सख्त सुरक्षा प्रबंध के बीच डाक मतपत्रों की गिनती के साथ मतगणना का कार्य प्रारंभ हो गया।
यह भी पढ़े : CBI ने माल्या के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की
इसके साथ ही अब प्रत्याशियों की धडकनें भी बढ गयी हैं। दोनों क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए 19 नवंबर को मतदान हुआ था। अधिकारिक जानकारी के अनुसार शहडोल संसदीय क्षेत्र के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जयसिंह नगर एवं जैतपुर की मतगणना शहडोल के शासकीय इंदिरा गांधी होमसाइंस गल्र्स कॉलेज में शुरू हो गयी। अनूपपुर जिले के कोतमा, अनूपपुर एवं पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र की मतगणना शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र भवन में, उमरिया जिला मुख्यालय पर बांधवगढ़ एवं मानपुर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में तथा कटनी जिले के बड़वारा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना बड़वारा के मॉडल स्कूल में शुरू हो गयी है।
वहीं नेपानगर विधानसभा उपचुनाव के लिये बुरहानपुर स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज में मतगणना का कार्य शुरू हो गया है। मतगणना का कार्य अधिकतम 22 राउण्ड में होगा। शहडोल में शनिवार को हुए मतदान में 66 प्रतिशत मतदाताओं ने वहीं नेपानगर में 71़ 25 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। दोनों ही उपचुनावों में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच है।
यह भी पढ़े : शिवपाल बोले- किसानों को दी गई छूट ऊंट के मुंह में जीरा
जहां शहडोल में राज्य के केबिनेट मंत्री ज्ञान सिंह की किस्मत का फैसला होगा, वहीं नेपानगर विधानसभा क्षेत्र खंडवा संसदीय क्षेत्र के अन्तर्गत आने से वहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नंदकुमार सिंह चौहान की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। शहडोल लोकसभा उपचुनाव में भाजपा के ज्ञान सिंह और कांग्रेस की हिमाद्री सिंह के अलावा 15 और प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला होगा।
वहीं नेपानगर में भाजपा की मंजू दादू, कांग्रेस के अन्तरसिंह के अलावा दो अन्य प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। शहडोल लोकसभा उपचुनाव भाजपा सांसद दलपत सिंह परस्ते के निधन के चलते हो रहा है, वहीं नेपानगर विधानसभा का उपचुनाव भाजपा विधायक राजेन्द्र दादू के निधन के बाद हो रहा है। (एजेंसी)