भोपाल। मध्यप्रदेश की भोपाल संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा है कि अगर देश की सुरक्षा के लिए बुर्के पर प्रतिबंध जरुरी है तो इस पर प्रतिबंध लगना चाहिए। ठाकुर ने आज यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान बुर्के पर प्रतिबंध से जुड़े विवाद पर कहा कि अगर देश की सुरक्षा के लिए यह जरूरी है तो इस पर प्रतिबंध लगना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब सुरक्षा जांच के लिए हवाई अड्डे पर बुर्का हटाने को कहा जाता है तो विरोध नहीं किया जाता।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में निर्णय देश के हित में लेना चाहिए। सरकार के बजाय खुद मुस्लिम समुदाय को बुर्के पर प्रतिबंध का निर्णय लेना चाहिए। श्रीलंका में पिछले दिनों हुए हमले में सैकड़ों लोगों के मारे जाने के बाद वहां की सरकार ने सार्वजनिक स्थलों पर बुर्के पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बाद शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में लिखे संपादकीय में भारत में भी बुर्के पर प्रतिबंध की वकालत की है। एजेंसी