भारत में घुसपैठ की फिराक में पाकिस्तान

Samachar Jagat | Wednesday, 05 Oct 2016 08:58:38 AM
Pakistan trying to infiltrate into India

नई दिल्ली। भारत की सर्जिकल स्ट्राइकल के बाद पाकिस्तान आग बबूला है। दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव बना हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तानी सेना भारत में घुसपैठ की फिराक में है। राजस्थान से सटी सीमाओं पर पाकिस्तान पाक रेंजर्स के साथ सेना के जवानों को भी तैनात कर रहा है। खुफिया एजेंसियों ने सीमा पार हो रही हलचल की रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। इसमें बताया गया है कि पाकिस्तानी सेना की पाक रेंजर्स के साथ सीमा पर संदिग्ध गतिविधियां देखी गई हैं।

पाकिस्तानी सेनाके जमावड़े को देखकर बीएसएफ पूरी तरह से सतर्क है। साथ ही सेना को भी ऐसी लोकेशन पर रखने को कहा गया है जहां से जरूरी होने पर तुरंत जवाबी कार्रवाई की जा सके। खुफिया सूत्रों ने कहा कि गंगानगर से सटी सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों की हलचल देखी गई है। इसके अलावा जैसलमेर और बाड़मेर सीमा पर भी पाक रेंजर्स के साथ पाकिस्तानी सैनिकों को देखा गया है। सूत्रों ने कहा कि सैनिकों की लगातार आवाजाही से साफ संकेत है कि सीमा पर पाकिस्तान संदिग्ध गतिविधियों में लगा हुआ है।

सीमा सुरक्षा बल के पूर्व एडीजी पी के मिश्र ने कहा कि पाक रेंजर्स के साथ पाकिस्तानी सेनाओं का जमावड़ा होने की खबर अनायास नहीं है। पाकिस्तान लगातार सीमा पर दबाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। वह हर तरफ से दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। उसकी कोशिश है कि सीमा पर तनाव के मद्देनजर दुनिया के प्रभावशाली देश इस इलाके में दखल दें और पाक प्रायोजित आतंकवाद का मुद्दा गौण हो जाए। इस बहाने पाकिस्तान कश्मीर का राग भी अलापेगा।

सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान ध्यान बंटाने के लिए अलग अलग सीमावर्ती इलाकों में हरकतें कर रहा है। भारतीय सीमाओं पर टोह लेने की भी कोशिश लगातार हो रही है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि राजस्थान से सटी सीमाओं पर मैदानी इलाका होने से पाकिस्तान सेना को तोप और मोर्टार से हमलों में निशाना साधने में आसानी होती है। वे इसे साफ्ट टार्गेट के रूप में देख रहे होंगे। गंगानगर से सटी सीमा पर खेती वाले इलाके से घुसपैठ की भी कोशिश हो सकती है। लेकिन भारत ने सभी मोरचों पर मुंहतोड़ जवाब की व्यापक तैयारी कर ली है।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.