खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण की उचित सुविधा प्रदान करायी जाये: राज्यपाल

Samachar Jagat | Sunday, 25 Sep 2016 02:09:06 AM
 provide appropriate training of players may be made governor

रांची। झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि देश के सभी खेल संघ खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा उपलब्ध करायें तो देश पदक तालिका में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सकेगा।

राज्यपाल ने आज यहां मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 70वीं सीनियर नेशनल एक्वेटिक चैंपियनशिप का उद्घाटन किया जिसके अन्तर्गत तैराकी, गोताखोरी एवं वाटर पोलो के खेल आयोजित होंगे। इसमें 600 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने भारतीय तैराकी संघ से इस खेल के विकास के लिए कार्य करने और झारखंड जैसे राज्य में इसके उचित प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि रांची स्थित वीर बुधु भगत एक्वेटिक स्टेडियम 2011 में 34वें राष्ट्रीय खेल का सफल आयोजक रहा है। 

मुर्मू ने कहा, ''मैं चाहूँगी कि सभी खिलाड़ी अपना बेहतर-से-बेहतर प्रदर्शन करें ताकि वे आगामी एशियाई चैंपियनशिप का हिस्सा बन सकें।
 
राज्यपाल ने कहा, ''मैं इस अवसर पर कहना चाहूँगी कि जब आप किसी चैंपियनशिप में भाग लेते हैं तो आप अकेले सम्मिलित नहीं होते हैं। जब आप राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेते हैं, तो उसमें लोगों की भावनायें भी आपके साथ जुड़ी रहती हंै। सभी देशवासी चाहते हैं कि पदक तालिका में हम आगे रहे, हम अधिक-से-अधिक पदक हासिल करें। इस बार रियो ओलंपिक में भारत की दो बेटियों पी.वी. सिंधु और साक्षी मलिक ने पदक हासिल कर पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

रांची में 2011 के राष्ट्रीय खेलों के बाद राष्ट्रीय स्तर के खेलों का यह दूसरा बड़ा आयोजन है।
-भाषा



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.