पटियाला। पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिन्दर सिंह ने आज भरोसा जताया कि उनकी पार्टी इस राज्य में दो तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। अमरिन्दर ने अपने रोड शो का दूसरा चरण शुरू किया।
पटियाला जिले के लोगों तक पहुंचते हुए उन्होंने किसानों का रिण माफ करने और किसी भी कीमत पर पंजाब के पानी की रक्षा करने का संकल्प जताया। अमरिन्दर ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी 2017 में होने वाले विधानसभा चुनावों में दो-तिहाई बहुमत के साथ अगली सरकार बनाएगी।
टिकटों के आबंटन पर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रमुख ने कहा कि चयन समिति की 29 और 30 नवंबर को बैठक है और इसके बाद तीन दिसंबर को कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक है जिसमें इस मामले पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में जीतने की संभावना एकमात्र मानक होगा। उन्होंने टिकट वितरण पर पार्टी के भीतर किसी तरह का कोई बड़ा विवाद होने की संभावना से इनकार किया।
अमृतसर से पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस में शामिल होने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर अमरिन्दर ने कहा कि सिद्धू अभी मुंबई में शूटिंग कर रहे हैं और वापस आने पर वह पार्टी के साथ होंगे।
भाषा