फोन करने पर पुलिस खुद पहुंचेगी पीड़ित के पास: अखिलेश

Samachar Jagat | Saturday, 19 Nov 2016 10:29:12 PM
 up police will arrive to victims on call say akhilesh

लखनउ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा कि 'डायल 100' के तहत अब फोन करते ही पुलिस पीडि़त के पास पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल बनेगी।

अखिलेश यादव ने डायल 100 सेवा के उद्घाटन के मौके पर कहा, ''कई बार सवाल खड़ा होता है कि पुलिस का फोन नहीं उठता। अब यह शिकायत दूर हो जाएगी। एंबुलेंस की 108 और 102 सेवाओं की तरह डायल 100 सेवा पर भी लोगों का भरोसा कायम होगा।

उन्होंने कहा कि अभी तक पीडि़त को पुलिस के पास जाना पड़ता था लेकिन अब फोन करते ही पुलिस खुद पीडि़त के पास पहुंचेगी।

कानून व्यवस्था के सवाल पर अकसर विरोधी पार्टियों के निशाने पर रहने वाले मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधी कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हैं लेकिन भविष्य में उन्हें जवाब मिलेगा। यह व्यवस्था में बड़े बदलाव की शुरूआत है।

डायल 100 सेवा आज रात आठ बजे से ही प्रदेश के 11 जिलों में शुरू हो जाएगी। पूरे प्रदेश में इसे 15 दिसंबर तक लागू कर दिया जाएगा। उधर डायल 100 सेवा को जनता के साथ 'धोखा' करार देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह कानून व्यवस्था के नाम पर प्रदेश की 22 करोड़ जनता के साथ मजाक है।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि अपनी सरकार के बचे हुए चंद दिनों में मुख्यमंत्री डायल 100 जैसी कितनी भी 'हाई फाई' सेवा शुरू कर लें लेकिन कानून व्यवस्था के हालात सुधरने वाले नहीं हैं।
भाषा 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.