ओडिशा में पंचायत चुनाव के बाद हिंसा भड़की

Samachar Jagat | Tuesday, 21 Feb 2017 09:17:52 PM
Violence erupted after elections in Odisha

भुवनेश्वर। ओडि़शा में पंचायत चुनाव के आखिरी चरण के शीघ्र बाद ही जगह जगह हिंसा भडक़ उठी। केंद्रपाड़ा जिले में बदमाशों के एक समूह को मतपेटियां छीनने से रोकने की अपनी कोशिश में कम से कम चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने चुनावकर्मियों एवं मतपेटियों को ले जा रहे वाहन पर पथराव किया। इस भारी पथराव में एक सहायक उपनिरीक्षक और तीन कांस्टेबल घायल हो गए। दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए जो मतपेटियों को केंद्रपाड़ा के स्ट्रांगरूम ले जा रहे थे।

निकिराइ थाने के इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार लंका ने बताया कि यह वारदात हरिजसाही गांव में हुई। सुरक्षा में साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने जबर्दस्त विरोध किया और मतपेटियां लूटने नहीं दिया। बदमाशों की पहचान कर ली गयी है और उन्हें ढूंढा जा रहा है।

इसी जिले में कांसरा गांव में प्रतिद्वंद्वी बीजद कार्यकर्ताओं के हमले में भाजपा जिला इकाई की एक पदाधिकारी घायल हो गयीं। जिला भाजपा अध्यक्ष सुकांत द्विवेद्वी ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

केंद्रपाड़ा के मार्शघई ब्लॉक में पूर्व सरपंच राजीव प्रूस्ती कथित रूप से कुहुडी पंचायत कार्यालय खोलकर घुस गये और वह वहां से रिकार्ड लेकर भाग गये। उनकी बेटी चुनाव हार गयी थी। प्रखंड विकास अधिकारी सुभेद्रं समाल ने आज यह जानकारी दी।

एक अन्य घटना में मेहिंदीनगर ग्राम पंचायत में चुनाव बाद हिंसा में चार व्यक्ति घायल हो गए। दो वार्ड सदस्यों के समर्थक आपस में टकरा गए थे।
करांडीपटना गांव में कुछ व्यक्तियों ने भाजपा समर्थक बलराम जेना के घर में आग लगा दी।

पाटकुरा थाने के अधिकारी देवेंद्र मलिक ने कहा, ‘‘पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और आरोपी शीघ्र ही गिरफ्तार किये जाएंगे। ’’
हिंसा की ऐसी कई और घटनाएं हुई हैं।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.