पटना। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने आज दावा किया कि लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से नाता तोड़ महागठबंधन में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के संपर्क में थे।
मांझी ने यहां पत्रकारों से कहा कि पासवान यादव के संपर्क में थे और उन्होंने राजग से अलग होने के बाद महागठबंधन में शामिल होने की इच्छा भी जताई थी। उन्होंने कहा कि यादव जब पटना में थे तब उन्हें यह बात बताई थी।
हम अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ यादव ने बताया था कि पासवान ने उन्हें टेलीफोन कर महागठबंधन में शामिल होने की इच्छा जताई थी। इसी तरह राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रोलासपा) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा भी महागठबंधन के शामिल होने के प्रस्ताव के साथ श्री यादव के संपर्क में थे।’’ हालांकि कुशवाहा बाद में महागठबंधन में शामिल हो भी गये। एजेंसी