हैशटेग के साथ सोशल मीडिया में ट्रोल हुआ 'कोटा में भाजपा का गुंडाराज'

Samachar Jagat | Tuesday, 21 Feb 2017 04:18:06 PM
kota me bhajpa ka gundaraj viral on social media

विक्रम सिंह। कोटा शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच थप्पड़ विवाद पर शुरू हुई जंग सोशल मीडिया पर खासा ट्रेंड कर रही है। सोशल वेबसाइट ट्विटर पर 'कोटा में भाजपा का गुंडाराज' हैशटेग के साथ भाजपा विधायक चंद्रकांता मेघवाल और उनके पति के साथ पुलिस की हाथापाई के वीडियो शेयर किए जा रहे हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के ऑफिशियल ट्विटर, आप पार्टी, अरविंद केजरीवाल समेत कई कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने इस घटनाक्रम को ट्रेंड में कर दिया है। कांग्रेस समेत कई पार्टियां उत्तप्रदेश के आगमी चरण के चुनावों में भाजपा के खिलाफ बड़ा मुद्दा बना सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि सोमवार शाम कोटा के महावीर नगर थाना पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओ के बीच सिगरेट पीने पर चालान काटने की बात को लेकर हंगामा हुआ था। यह हंगामा सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करने पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष ओम नागर का चालान काटने को लेकर शुरू हुआ। 

ये है पूरा घटनाक्रम
चालान काटने के विरोध में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता महावीर नगर थाने में पहुंचे, जिनमे से कुछ को पुलसि ने बैरक में बंद कर दिया। थोड़ी ही देर में रामगंज विधायक चंद्रकांता मेघवाल के पति नरेन्द्र मेघवाल भी पहुंच गए। जब दोनों ही पक्षों में हुई बहस बढ़ गई तो खुद विधायक वहां मौके पर पहुंची।

मामले की समझाइश चल ही रही थी कि पुलिस और भाजपाईयों में बहसबाजी तेज हो गई और एक महिला पुलिस अधिकारी गिर गई। आरोप है कि भाजपाई उनसे भी अभद्रता करने लगे। इधर विधायक के पति बैरक का तालना खोलने पर आमादा हो गए।

इस दौरान पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो विधायक चोटिल हो गई। इस बात पर तैश में आए विधायक पति ने  सीआई श्रीराम को थप्पड रसीद कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भाजपाईयों पर हाथ खोलते हुए लाठियां बरसाई और सबको थाने से बाहर खदेडा। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने आरएसी की एक टुकड़ी मौके पर बुला ली, लेकिन हालात काबू में आने के बजाय और बिगड़ गए।

ये हंगामा चल ही रहा था कि लाठीचार्ज के बाद मची भगदड़ के दौरान एक पेट्रोल पंप में भी आग लगने की घटना ने हडकंप मचा दिया। इसमें यह अफवाह फैली की यह आग भाजपा के कार्यकर्ताओं ने लगाई। हालांकि बाद में पुलिस ने दोनों घटनाओं को अलग-अलग होना बताया।

इस घटना पर संज्ञान लेते हुए आज महावीर नगर थानाधिकारी समेत 5 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। दोनों पक्षों की ओर से 5 मुकदमे दर्ज हुए हैं।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
रिलेटेड न्यूज़
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.