केन्या के इलियुद किपचोगे ने जीती दिल्ली मैराथन

Samachar Jagat | Sunday, 20 Nov 2016 08:58:00 PM
kenya kipchoge won delhi half marathon

दिल्ली हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में केन्या के इलियुद किपचोगे और महिला वर्ग में इथोपिया की वोर्कनेश देगेफा ने जीत का खिताब अपने नाम किया। इलियुद किपचोगे पिछले ओलंपिक मैराथन के भी चैम्पियन रहे हैं।

किपचोगे ने कहा, मैं भारत आकर खुश हूं और मैं यहां अनुभवी धावक के रूप में आया हूं। परिस्थितियां अच्छी थी। मैं कोई रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाया लेकिन समय को लेकर कोई समस्या नहीं है। इससे पहले उन्होंने 2010 दिल्ली कॉमन वैल्थ गेम्स में 5000 मीटर रेस में सिल्वर मेडल जीता था।

कितनी देर में पूरी की दौड़

सर्वकालिक महान मैराथन खिलाड़ियों में शामिल किपचोगे ने 59 मिनट और 44 सेकेंड में 21.097 किमी की दूरी पूरी की और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में संपन्न हुई हाफ मैराथन जीता। किपचोगे ने इथोपिया के यिगरेम देमेलाश और कीनिया के अगस्तीन चोगे को पछाड़ा लेकिन कोई रिकार्ड नहीं बना पाए। देमेलाश ने अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 59 मिनट और 48 सेकेंड का समय लिया जबकि चोगे ने 60 मिनट और एक सेकेंड में दौड़ पूरी की।

नही तोड़ पाए कोई रिकॉर्ड

अगस्त में रियो ओलंपिक में स्वर्ण पदक के बाद यहां पहली प्रतिस्पर्धी दौड़ में हिस्सा ले रहे किपचोगे हालांकि 2014 में इथोपिया के गाये एडोला के बनाए 59 मिनट और छह सेकेंड के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए। उनका निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 59 मिनट और 25 सेकेंड है।

कैसा रहा वोर्कनेश देगेफा का प्रदर्शन

महिला एलीट वर्ग में देगेफा ने एक घंटे सात मिनट और 42 सेकेंड के समय के साथ खिताब जीता। इथोपिया की ही अबादेल येसानेह (एक घंटा सात मिनट और 52 सेकेंड) दूसरे, जबकि कीनिया की ही लाह किप्रोप (एक घंटा आठ मिनट और 11 सेकेंड) तीसरे स्थान पर रहीं।

एलीट विजेताओं को क्या मिला इनाम

पुरूष और महिला एलीट वर्ग के विजेताओं में प्रत्येक को 27000 डालर की इनामी राशि मिली। इस 270000 डालर इनामी स्पर्धा में 12000 से अधिक धावकों ने एलीट हाफ मैराथन, लगभग 19000 प्रतिभागियों ने ग्रेट दिल्ली रन (छह किमी), लगभग 1000 प्रतिभागियों ने सीनियर सिटीजन रन (चार किमी) और लगभग 500 प्रतिभागियों ने चैम्पियंस विद डिसेबिलिटी (चार किमी) में हिस्सा लिया। इस तरह से दौड़ में लगभग 34000 प्रतिभागियों ने शिरकत की।

-भारतीय पुरूष धावकों में 2013 के चैम्पियन जी लक्ष्मणन एक घंटे चार मिनट और 34 सेकेंड के समय के साथ शीर्ष पर रहे। 
-मोहम्मद यूनुस (एक घंटा चार मिनट और 38 सेकेंड) ने दूसरा स्थान हासिल किया।
-मान सिंह (एक घंटा चार मिनट और 40 सेकेंड) ने तीसरा स्थान हासिल किया।

-भारतीय महिलाओं में मोनिका अथारे एक घंटे 15 मिनट और 34 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ शीर्ष पर रही। 
-संजीवनी यादव (एक घंटा 15 मिनट और 35 सेकेंड) दूसरे स्थान पर रहीं।
-प्रबल दावेदार स्वाति गधावे (एक घंटा 17 मिनट और 43 सेकेंड) तीसरे स्थान पर रहीं।

खेल मंत्री विजय गोयल और भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष और आईएएएफ परिषद के सदस्य आदिले सुमारिवाला ने स्पर्धाओं को हरी झंडी दिखाई। प्यूमा द्वारा भारत लाए गए 100 मीटर के पूर्व विश्व रिकार्ड धारक असाफा पावेल भी इस दौरान धावकों की हौसला अफजाई के लिए मौजूद थे।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.