पद्मिनी की राष्ट्रीय महिला शतरंज में खिताबी हैट्रिक

Samachar Jagat | Monday, 14 Nov 2016 11:40:30 PM
Padmini scores a hat-trick in National Women Premier Chess Championship

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय मास्टर पद्मिनी राउत ने सोमवार को यहां आखिरी दौर में पीएसपीबी की अपनी साथी ईशा कारवडे के साथ संघर्षपूर्ण मुकाबले में ड्रा खेलकर राष्ट्रीय महिला प्रीयिमर शतरंज चैंपियनशिप में लगातार तीसरा खिताब जीता।

पद्मिनी ने 11 बाजियों में आठ अंक हासिल करके खिताबी हैट्रिक पूरी की। ओडि़शा की यह खिलाड़ी पिछले कुछ समय से अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पा रही थी जिससे उनकी रेटिंग में 70 अंक का नुकसान हुआ था।

ईशा के खिलाफ उन्हें केवल ड्रा की जरूरत थी और उन्होंने शुरू से ही अच्छा खेल दिखाकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

एयर इंडिया की एस विजयलक्ष्मी ने आखिरी बाजी में पीएसपीबी की आर वैशाली को हराकर रजत पदक जीता। उनके 7.5 अंक रहे जबकि ईशा को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

सौम्या स्वामीनाथन आखिरी दौर में मेरी एन गोम्स से हारने के कारण वह ईशा के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रही। इन दोनों के समान सात-सात अंक रहे।
टूर्नामेंट के शुरू से ही पद्मिनी, विजयलक्ष्मी, ईशा और सौम्या खिताब की दौड़ में बनी हुई थी। मेरी एन गोम्स ने भले ही आखिरी बाजी में जीत दर्ज की लेकिन वह 5.5 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रही।

पद्मिनी ने इस जीत से अगली विश्व टीम शतरंज चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में भी अपनी जगह सुनिश्चित की। भारतीय महिला टीम ने पिछले शतरंज ओलंपियाड में अच्छे प्रदर्शन के दम पर इस चैंपियनशिप में जगह बनाई थी।

टीम में जिन दो अन्य सदस्यों की जगह पक्की है उनमें ग्रैंडमास्टर कोनेरू हंपी और डी हरिका शामिल हैं। बाकी दो स्थानों का फैसला फरवरी की रेटिंग सूची से तय किया जाएगा।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.