एचआईएल : दिल्ली को 6-2 से पीटकर रांची की उम्मीदें कायम

Samachar Jagat | Tuesday, 21 Feb 2017 10:11:04 PM
Ranchi Rays thrashes Delhi Waveriders 6-2; hopes alive for semis

नई दिल्ली। मनप्रीत सिंह के दो शानदार मैदानी गोलों के दम पर रांची रेज ने दिल्ली वेवराइडर्स को मंगलवार को 6-2 से पीटकर हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पांचवें संस्करण के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को कायम रखा है।

रांची की 10 मैचों में यह तीसरी जीत है और उसके 23 अंक हो गये हैं। दिल्ली को 10 मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा और उसके खाते में भी 23 अंक हैं। दिल्ली तालिका में चौथे और रांची पांचवें स्थान पर है। उत्तर प्रदेश विजार्ड के नौ मैचों में 23 अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। उत्तर प्रदेश का आखिरी लीग मुकाबला शीर्ष पर चल रही टीम दबंग मुंबई के साथ बुधवार को चंडीगढ़ में होना है। इस मैच के बाद सेमीफाइनल में जाने वाली शेष दो टीमों की तस्वीर साफ हो पायेगी।

मुंबई के 33 अंक के साथ और कलिंगा लांसर्स 28 अंक के साथ पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। मनप्रीत ने नौवें और 32 वें मिनट में मैदानी गोल कर रांची को 4-0 से आगे किया। इमरान खान ने 37 वें मिनट में रांची का तीसरा मैदानी गोल दागा और उसे 6-0 से आगे कर दिया।

दिल्ली का एकमात्र गोल मैदानी रहा जिसे जस्टिन रीड रास ने 45 वें मिनट में किया। दिल्ली ने आखिरी क्वार्टर में जबरदस्त हमले कर रांची के डिफेंस को दबाव में ला दिया लेकिन उसकी संख्या में कोई वृद्धि नहीं हो सकी।

दोनों ही टीमों ने अपने अपने पेनल्टी कार्नर पर सीधे प्रयास करने के बजाय उन पर मैदानी गोल करने की कोशिश की ताकि उन्हें एक गोल का फायदा हो सके। रांची ने इस चक्कर में अपने सात पेनल्टी कार्नर बरबाद किये जबकि दिल्ली ने तीन पेनल्टी कार्नर को बरबाद किया।

दिल्ली का थोड़ा दुर्भाग्य रहा कि 42 वें मिनट में बलविंदर सिंह का शाट पोस्ट से टकराकर बाहर निकल गया। रांची के 14 वें और 15 वें मिनट में दो प्रयास गोल में गये लेकिन दिल्ली के रेफरल मांगने के बाद दोनों गोल अमान्य करार दिये गये।

एचआईएल के पांचवें संस्करण को अब अपने दो बचे हुये सेमीफाइनलिस्ट के लिये कल तक का इंतजार करना होगा।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.