सरजूबाला को तीसरा खिताब, हरियाणा को पांच स्वर्ण

Samachar Jagat | Thursday, 24 Nov 2016 10:53:05 PM
Sarjubala devi claims 3rd successive gold, Haryana overall winners

हरिद्वार। विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता सरजूबाला देवी ने महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए अपना तीसरा राष्ट्रीय खिताब जीत लिया जबकि हरियाणा ने प्रतियोगिता में दबदबा बनाते हुए पांच स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीते। पंजाब की सिमरनजीत कौर को सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज और उत्तराखंड की कृष्णा थापा को सर्वश्रेष्ठ चैलेंजर का खिताब मिला।

सरजूबाला ने गुरुवार को प्रतियोगिता के आखिरी दिन 46-48 किग्रा वर्ग में स्थानीय मुक्केबाज कृष्णा थापा को जजों की सर्वसम्मत फैसले से पराजित किया। मणिपुर की सरजूबाला ने 2011 के फाइनल में भी कृष्णा को ही हराया था। उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर रही कृष्णा को एक बार फिर रजत से संतोष करना पड़ा।

हरियाणा की नीरजा और शिक्षा ने फ्लाईवेट और बेंटमवेट वर्ग के खिताब जीते। नीरजा ने फ्लाईवेट (51 किग्रा) वर्ग में रेलवे की मिनाक्षी को पराजित किया जबकि बेंटमवेट (54 किग्रा) वर्ग में हरियाणा की शिक्षा ने उत्तर प्रदेश की सोनिया को जजों की सर्वसम्मत फैसले से हराया। फैदरवेट (57 किग्रा) वर्ग में हरियाणा की सोनिया ने उत्तराखंड की कमला बिष्ट को खिताबी मुकाबले में पराजित किया।

रेलवे की प्रियंका चौधरी ने लाइटवेट (60 किग्रा) वर्ग में हरियाणा की मोनिका को 4-1 से हराकर खिताब जीत लिया। लाइट वेल्टरवेट (64 किग्रा) वर्ग में पंजाब की सिमरनजीत कौर ने ज्योति को तकनीकी नॉकआउट आधार पर पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

मिडलवेट (75 किग्रा) वर्ग में अखिल भारतीय पुलिस की कविता ने रूबी गोगोई को 4-1 से हराकर खिताब जीता। 81 किग्रा में हरियाणा की स्वीटी ने पुलिस की निर्मला को 5-0 से धो डाला। 82 किग्रा में हरियाणा की कविता चहल को रेलवे की सीमा पूनिया के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा।
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने मुक्केबाजों का उत्साह बढ़ाया और विजेताओं को पुरस्कृत किया।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.