Stock Market : सेंसेक्स ने लगाया 872 अंक का गोता, निफ्टी भी 268 अंक टूटा

Samachar Jagat | Monday, 22 Aug 2022 04:47:33 PM
Stock Market : Sensex plunges 872 points, Nifty also loses 268 points

मुंबई : घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 872.28 अंक लुढ़ककर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच बैंक शेयरों में गिरावट से बाजार नीचे आया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में नुकसान में खुला और अंत में 872.28 अंक यानी 1.46 प्रतिशत लुढ़ककर 58,773.87 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 941.04 अंक तक नीचे टूट गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 267.75 अंक यानी 1.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,490.70 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, लार्सन एंड टुब्रो, विप्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टेक महिद्रा, कोटक महिद्रा बैंक और एक्सिस बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, आईटीसी और नेस्ले इंडिया बढ़त में रहे। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट लाभ में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिका में वॉल स्ट्रीट में शुक्रवार को नुकसान रहा था। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 95.80 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 1,110.90 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.