इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आंदोलनजीवी के बयान को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा है। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए पीएम मोदी द्वारा दिए गए आंदोलनजीवी के बयान को लेकर अशोक गहलोत ने इसे लोकतंत्र विरोधी सोच का सबूत बताया है।

अशोक गहलोत ने इस संबंध में आज ट्वीट कर कहा कि महात्मा गांधी देश की मांगों के लिए अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन करते थे। अहिंसक आंदोलन के दम पर ब्रिटिश साम्राज्य को भारत से खदेडऩे वाले गांधीजी के देश में आंदोलन कर रहे लोगों को पीएम द्वारा आंदोलनजीवी कहना उनकी लोकतंत्र विरोधी सोच का सबूत है।

भारत की बुनियाद आंदोलनों से बनी है। आजादी से पूर्व आरएसएस स्वतंत्रता आंदोलन से और आजादी के बाद जनसंघ और भाजपा ने जनहित आंदोलनों से हमेशा दूरी बनाए रखी इसलिए वो आंदोलनों का महत्व नहीं समझते। 100 से ज्यादा किसानों की मौत पर एक शब्द बोलने की बजाय पीएम मोदी ने उनकी शहादत का मजाक उड़ाने का प्रयास किया है जो निंदनीय है।