- SHARE
-
जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अब कोटा मंडी में कर्ज के बोझ में दबे किसान की मृत्यु होने पर प्रदेश की भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। डोटासरा ने आज इस संबंध में कहा कि कोटा मंडी में कर्ज के बोझ में दबे किसान की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक एवं भाजपा सरकार की निर्दयी व्यवस्था द्वारा की गई संस्थागत हत्या है।
राजस्थान में किसानों के साथ लगातार छलावा हो रहा है, भाजपा का पूरा सिस्टम उनकी मेहनत की खुली लूट में लगा है। भाजपा ने 12 हजार सम्मान निधि देने का वादा किया था, लेकिन इस सरकार में वादे के मुताबिक न किसान सम्मान निधि मिल रही है, न गेहूं का पूरा समर्थन मूल्य दिया जा रहा है, न कोई बोनस, न खरीद की जा रही है। मजबूरी में किसान दुःखी होकर मंडियों में औने-पौने दाम में फ़सल बेच रहा है। जबकि भाजपा सरकार गेहूं पर 2735 रुपए का MSP सिर्फ कागजों में दिखाकर वाहवाही लूट रही है।
डोटासरा ने आगे कहा कि प्रदेश के किसानों पर 1.92 लाख करोड़ का कर्ज है, लेकिन भाजपा सरकार कोई राहत देने को तैयार नहीं। आय दोगुनी करने का दावा, प्रधानमंत्री फसल बीमा, उचित मुआवजा, सब सिर्फ जुमले निकले। सच ये है कि भाजपा सिस्टम ने किसानों को ऐसी हालत में पहुंचा दिया है, जहां मेहनत करने वाला अन्नदाता ही सबसे ज्यादा ठगा जा रहा है।
PC: abplive
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें