BJP विधायक अरविद गिरि का निधन, योगी ने जताया शोक

Samachar Jagat | Tuesday, 06 Sep 2022 09:41:43 AM
BJP MLA Arvind Giri passes away, Yogi expressed grief

लखनऊ | उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी के गोला विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरविद गिरि का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। वह 65 वर्ष के थे। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गिरि के निधन पर शोक प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रृद्धांजलि अर्पित की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार को तड़के गिरि को दिल का दौरा पड़ने के बाद इलाज के लिये लखनऊ लाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनका निधन हो गया। वह लखीमपुर खीरी के गोला विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक चुने गये थे।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी शोक संदेश के अनुसार योगी ने भाजपा के वरिष्ठ विधायक गिरि के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिये कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
योगी ने ट्वीट कर कहा, ''लखीमपुर खीरी जनपद की गोला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक श्री अरविन्द गिरि जी का निधन अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। " शांति।’’

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी गिरि के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ''विधानसभा गोला,लखीमपुर खीरी के कर्मठ व जनप्रिय विधायक श्री अरविद गिरि जी के निधन की अत्यंत दु:खद सूचना से स्तब्ध व दु:खी हूँ। आपका जाना हम सभी की अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को शांति व शोकाकुल परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.