- SHARE
-
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज राजस्थान विधानसभा में भाजपा विधायक दल की बैठक ली। इस बैठक में सीएम भजनलाल ने प्रदेश के विकास, जनहित के मुद्दों तथा विधानसभा की कार्यवाही को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर सार्थक चर्चा की। विधानसभा के हां पक्ष की लॉबी में आयोजित इस बैठक में भाजपा के विधायक और मंत्री मौजूद रहे।
इस दौरान सीएम भजनलाल ने सदन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विधायकों की सराहना की। दूसरी ओर विधायकों को चेताते हुए ये भी कहा कि उनके कामकाज पर नजर रखी जा रही है और उन पर तीसरी आंख भी है, इसलिए सभी को जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए। सीएम ने कहा कि विधायकों ने जो मांगा सरकार ने उसे पूरा करने का प्रयास किया है।
सीएम ने आज हुई इस बैठक में मंत्रियों को निर्देश दिया कि सरकार के पांच साल के कार्यकाल में उन्हें राज्य की दो सौ विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचना है। मंत्री जनता के बीच जाकर आठ से दस घंटे तक रुकें और लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुनकर समाधान करें।
एंटी इनकंबेंसी को लेकर भी बोल दी है ये बड़ी बात
सीएम ने इस दौरान एंटी इनकंबेंसी को लेकर भी बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि सरकार के दो साल पूरे होने के बाद भी प्रदेश में एंटी इनकंबेंसी का माहौल नहीं है, जो सरकार के लिए सकारात्मक संकेत है। भाजपा विधायक दल की इस बैठक में आगामी राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों को लेकर भी सीएम ने चर्चा की। बैठक में दोनों उप मुख्यमंत्री सीएम दिया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद रहे।
PC: X
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें