जयपुर। तीन कृषि कानूनों के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर जारी किसान आंदोलन के बीच राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार द्वारा किसानों के समर्थन में 5 जनवरी से किसान बचाओ-देश बचाओ अभियान चलाया जानएगा।
इस संबंध में गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर जमकर प्रहार किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसान विरोधी नीतियों की वजह से केंद्र में बीजेपी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

डोटासरा ने कहा कि मोदी जी हठधर्मिता छोडक़र किसानों के साथ मजाक बंद कीजिए और इनकी बात सुनिए, नहीं तो अन्नदाता आपकी सरकार को उखाड़ फेकने की ताकत रखता है।
राज्यपाल द्वारा राज्य सरकार के कृषि संशोधन बिलों को रोके जाने के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से 3 जनवरी को धरना भी दिया जाएगा। वहीं किसान बचाओ-देश बचाओ अभियान मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता सप्ताहभर तक गांव-गांव जाकर चलाएंगे।