Mumbai में भारी बारिश से कई जगहों पर जलजमाव, यातायात बाधित

Samachar Jagat | Tuesday, 12 Jul 2022 01:35:33 PM
Heavy rains in Mumbai cause water logging, traffic disrupted at many places

मुंबई |  भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्बारा 'ऑरेंज अलर्ट’ जारी किए जाने के बाद मंगलवार को सुबह मुंबई और उसके उपनगरों में तेज हवाएं चलने के साथ ही भीषण बारिश हुई, जिसके बाद महानगर में जगह -जगह पर जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हार्बर लाइन के डॉकयार्ड रेलवे स्टेशन के पास एक पेट्रोलपंप के नजदीक एक पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। बाद में पेड़ को हटा दिया गया और यातायात बहाल हुआ, लेकिन इसकी गति बहुत धीमी है।

कुछ यात्रियों ने दावा किया कि मुंबई की जीवनरेखा कहलाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं में पांच से दस मिनट का विलंब है। बहरहाल, मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। मुंबई पुलिस ने बताया कि कुछ स्थानों पर दो फुट तक पानी भर गया है और कुछ पश्चिमी उपनगरों में वाहनों की आवाजाही धीमी है। कुछ दिन तक हल्की बारिश होने के बाद सोमवार रात से महानगर में एक बार फिर भारी बारिश शुरू हुई। शहर और उपनगरों में मंगलवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अंधेरी उपनगर में दो फुट तक पानी भर गया है और वहां यातायात को एस. वी. रोड की ओर मोड़ा गया है। बांद्रा-वर्ली सी लिक के दक्षिण की ओर के इलाकों में, महालक्ष्मी जंक्शन पर और गामादिया जंक्शन पर भी पानी भर गया है। इसी तरह हिदमाता जंक्शन पर भी पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी उपनगरों में प्रताप नगर, जोगेश्वरी में, वेस्टर्न एक्सप्रेस राजमार्ग पर कुछ स्थानों पर, नेताजी पालकर चौक, एडवर्ड नगर और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में परिवार अदालत में जलजमाव होने की वजह से यातायात धीमा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर और उपनगरों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश होने और कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आईएमडी ने मुंबई में भारी से बेहद भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाते हुए सोमवार को 'ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया था। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में दक्षिण मुंबई में औसतन 42.42 मिमी बारिश हुई, जबकि पूर्वी तथा पश्चिमी उपनगरों में क्रमश: 63.90 मिमी और 52.43 मिमी बारिश दर्ज की गई। आईएमडी मौसम की चेतावनियों के लिए चार रंग के अलर्ट जारी करता है। ये अलर्ट क्रमश: 'ग्रीन अलर्ट’ (कोई कार्रवाई की आवश्यकता नहीं), 'येलो अलर्ट’ (स्थिति पर नजर रखें), 'ऑरेंज अलर्ट’ (स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें) और 'रेड अलर्ट’ (स्थिति से निपटने लिए कदम उठाएं) हैं। 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.