Odisha: अस्पताल में कई घंटे पड़ा रहा महिला का शव, विधायक ने की मदद

Samachar Jagat | Saturday, 20 Aug 2022 01:53:46 PM
Odisha: Woman's body lying in hospital for several hours, MLA helped

बरहमपुर (ओडिशा) | ओडिशा के बरहमपुर के एक अस्पताल में 30 वर्षीय महिला का शव कई घंटे तक पड़ा रहा क्योंकि परिवार के पास शव को घर ले जाने के लिए पैसा नहीं थे। बीजू जनता दल (बीजद) विधायक बिक्रम कुमार पांडा परिवार की मदद के लिए आगे आए।रोजी सांटा को पांच दिन पहले बरहमपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे एक बच्ची को जन्म देने के बाद हालत गंभीर होने पर आदिवासी बहुल कोरापुट जिले के एक अस्पताल से बरहमपुर में भर्ती कराया गया था। बगडेरी गांव की रहने वाली रोजी की शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गयी।

उसके पति नरुला सांटा को इस बात की फिक्र थी कि कई घंटे से अस्पताल में रखे शव को करीब 370 किलोमीटर दूर अपने घर तक कैसे ले जाएं क्योंकि उसके पास शव वाहन का किराया देने के पैसे नहीं थे।पांडा ने कहा, ''हम शव रखे होने की सूचना मिलने के तुरंत बाद मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पीड़ित से मुलाकात की। हमने शव को उसके गांव ले जाने के लिए बरहमपुर नगर निगम की एक वैन की व्यवस्था की।’’

बीजद विधायक ने पीड़ित व्यक्ति की वित्तीय मदद भी की ताकि वह इतने लंबे सफर के दौरान नवजात बच्ची को कुछ पिला सकें। बच्ची की हालत अब ठीक है।विधायक ने शवों को शवदाह गृहों तक ले जाने में लोगों की मदद करने के लिए अपनी स्थानीय निधि से चार शव वाहन दान दिए थे। उन्होंने कहा, ''जन प्रतिनिधि होने के नाते जरूरतमंदों की मदद करना मेरा कर्तव्य है।’’



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.