- SHARE
-
जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन देने के लिए एक और बड़ा निर्णय लिया है। गहलोत ने ओलम्पिक, एशियाई तथा राष्ट्रमंडल जैसे अंतर्राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले राजस्थान के खिलाडिय़ों को दी जाने वाली इनामी राशि में तीन से चार गुना तक बढ़ोतरी करने का महत्वपूर्ण निर्णय किया है।
सीएम अशोक गहलोत के निर्णय के अनुसार, अब ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले राजस्थानी खिलाड़ी को 75 लाख रुपए के स्थान पर 3 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। वहीं गहलोत ने रजत पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपए तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 30 लाख रुपए से बढ़ाकर एक करोड़ रुपए करने को मंजूरी दी है।
इसी प्रकार एशियन गेम्स तथा कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर राजस्थान के खिलाडिय़ों को अब 30 लाख के स्थान पर 1 करोड़ रुपए की राशि दी जाएगी। रजत पदक जीतने पर इनामी राशि 20 लाख से बढ़ाकर 60 लाख रुपए तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 10 लाख रुपए से बढ़ाकर 30 लाख रुपए करने का निर्णय किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर युवा मामले एवं खेल विभाग ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए हैं।