- SHARE
-
जयपुर। राजस्थान में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में रिक्त 316 पदों पर भर्ती होगी। संयुक्त शासन सचिव, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग नेहा गिरि ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा देश के विभिन्न 17 राज्यों में स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में अध्यापकों के 3 हजार 479 रिक्त पदों को भरने की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नेहा गिरि ने बताया कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ई.एम.आर.एस.) में प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य, पीजीटी एवं टीजीटी के पदों पर भर्ती प्रक्रिया कम्प्यूटर आधारित टेस्ट से होगी एवं टीजीटी के पदों को छोडक़र शेष सभी पदों के लिए साक्षात्कार भी लिए जाएंगे। यह भर्ती प्रक्रिया राज्य सरकारों द्वारा अपने स्तर पर की जाएगी।
नेहा गिरि ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न आवासीय विद्यालयों में रिक्त 316 पदों पर भर्ती होगी जिनमें 16 पद प्रधानाचार्य, 11 पद उप प्रधानाचार्य, 102 पद पीजीटी व 187 पद टीजीटी के लिए है। आवेेदन करने की तिथि 1 अप्रैल से शुरू हो गई है तथा अन्तिम तिथि 30 अप्रैल 2021 निर्धारित हैं। उन्होंने बताया कि भर्ती से सम्बंधित अधिक जानकारी अभ्यर्थी https://nta.ac.in व https://tribal.nic.in पर देख सकते हैं।