- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन को लेकर एक बार फिर से राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बयान जारी किया है।
इस संबंध में अशोक गहलोत ने ट्वीट किया कि 47 दिन और 60 किसानों की मौत हो जाने के बावजूद किसान आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण और अंहिसात्मक तरीके से चल रहा है और यही इसकी ताकत है जिसे देश और दुनिया देख रही है। इसी कारण मजबूर होकर केंद्र सरकार भी बैकफुट पर आ गई है। ये तय है कि अंतिम विजय किसानों की ही होगी।
किसानों को अंहिसा के रास्ते पर ही अडिग रहना है, क्योंकि यदि आंदोलन कर रहे लोग भडक़ गए और हिंसा हुई तो उन ताकतों के मंसूबे कामयाब हो जाएंगे जो इस आंदोलन को विफल करना चाहते हैं।
इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि हरियाणा के करनाल में किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस का बलप्रयोग निंदनीय है। यह हरियाणा पुलिस का निंदनीय कृत्य है। पूर्व में दिल्ली में किसान आंदोलन का समर्थन करने जा रहे राजस्थान के किसान भाइयों पर भी हरियाणा पुलिस ने इसी तरह बलप्रयोग किया था।