जयपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बुधवार रात को घोषित की गई कार्यकारिणी में केवल पांच महिलाओं को ही जगह मिल सकी है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की कार्यकारिणी में नसीम अख्तर इंसाफ, रीटा चौधरी, प्रतिष्ठा यादव, राखी गौतम तथा शोभा सोलंकी को ही जगह मिल सकी है।
इनमें नसीम अख्तर इंसाफ को उपाध्यक्ष, रीटा चौधरी को महासचिव और प्रतिष्ठा यादव, राखी गौतम तथा शोभा सोलंकी को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश कार्यकारिणी में अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कुल 40 पदाधिकारी हैं। इसमें सात उपाध्यक्ष, आठ महासचिव और 24 प्रदेश सचिव नियुक्त किए गए हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा टीम में सबसे ज्यादा छह जाट नेताओं को जगह दी गई है।
इसमें एससी-एसटी के भी अनेक नेताओं को जगह मिली है। गोविंद सिंह डोटासरा की कार्यकारिणी में 11 मौजूदा विधायकों को भी जगह दी गई है। इनमें से 4 को उपाध्यक्ष और सात को महासचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है।