इंटरनेट डेस्क। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान पीएम मोदी के साथ केंद्रीय जलशक्ति मंत्री और राजस्थान के जोधपुर से भाजपा सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे। यूपी के जनपद महोबा, हमीरपुर, बांदा व ललितपुर में 3,240 करोड़ रुपये की अर्जुन सहायक परियोजना, भावनी बांध परियोजना, रतौली बांध परियोजना, मसगांव-चिल्ली स्प्रिंकलर परियोजना का लोकार्पण किया गया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना एक महत्वपूर्ण योजना थी। 2014 में जब PM मोदी ने संकल्प देश के सामने रखा था कि किसान की आय दोगुनी करनी है, हम किसान के सिंचाई के रकबे को बढ़ाएंगे। 99 ऐसी परियोजनाएं चिन्हित की गई थी।
एएनआई न्यूज एजेंसी के अऩुसार, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जिनके माध्यम से 30 लाख हेक्टेयर ज़मीन नई सिंचाई के अधीन आने वाली थी, उन 99 परियोजनाओं में से 46 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, इसके अलावा 28 परियोजनाएं लगभग-लगभग पूरी हो चुकी हैं।