- SHARE
-
इंटरनेशनल डेस्क। इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में मूसलाधार बारिश के कारण हुए भूस्खलन एवं अचानक आई बाढ़ में 23 लोगों की मौत हो गई है वहीं हजारों बेघर हो गए हैं। राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण एजेंसी के प्रवक्ता रादित्य जाती ने बताया कि पूर्वी नूसा तेंग्गरा प्रांत के फ्लोरेस द्वीप के लमेनेले गांव के करीब 50 घरों पर आधी रात के बाद आसपास की पहाड़ियों से भारी मात्रा में मिट्टी गिरने लगी। उन्होंने बताया कि बचावकर्ताओं ने 20 शवों और नौ घायलों को निकाला है।
बताया जाता है कि वैबुराक नाम के अन्य गांव में रात में भारी बारिश के बाद बाढ़ आने से चार लोग जख्मी हो गए और दो अन्य लापता हो गए। बाढ़ का पानी पूर्वी फ्लोरेस जिले के बड़े हिस्से में घुस गया है, जिससे सैकड़ों घर पानी में डूब गए हैं और कुछ घर तो सैलाब में बह गए हैं।
रायटर्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, बचावकर्ता, पुलिस व सैन्य कर्मी सर्च अभियान में लगे हुए हैं। सड़कों पर मलबा पड़ा हुआ है। वहीं भीषण बाढ़ की चेतावनी के बाद करीब 10 हजार लोगों को अपना घर खाली करना पड़ा है।