न्यूयार्क। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप और हिलेरी क्लिंटन द्वारा क्रमश अपने अपने रिपब्लिकन एवं डेमोक्रेटिक गढ़ों में बुधवार को जीत हासिल करने के बीच ट्रंप ने हिलेरी के मुकाबले मामूली बढ़त हासिल कर ली है लेकिन अहम राज्यों में दोनों उम्मीदवारों के बीच कांटे का मुकाबला है।
अमेरिकी मीडिया ने आज यह संभावना जताई। पूरी दुनिया अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव परिणाम का सांसें थाम कर इंतजार कर रही है, ऐसे में हिलेरी और ट्रंप के बीच व्हाइट हाउस के लिए कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है।
70 वर्षीय ट्रंप चुनाव के लिहाज से अहम फ्लोरिडा में आगे चल रहे हैं जबकि डेलीगेटों की संख्या के लिहाज से समृद्ध न्यूयार्क में हिलेरी के जीतने की संभावना है, जो दोनों उम्मीदवारों का गृह राज्य है। सीएनएन के मुताबिक ट्रंप निर्वाचन मंडल के 136 मतों के साथ आगे चल रहे हैं जबकि हिलेरी के पास 104 मत हैं।