Jammu से 5,726 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन करने के लिए रवाना

Samachar Jagat | Thursday, 07 Jul 2022 01:12:39 PM
Another batch of 5,726 pilgrims leave from Jammu to visit the holy Amarnath cave

जम्मू |  कड़ी सुरक्षा के बीच 5,726 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था दक्षिण कश्मीर में 3,880 मीटर ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए बृहस्पतिवार को रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कड़ी सुरक्षा के बीच 242 वाहनों में कुल 5,726 तीर्थयात्री यहां भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुए। इनमें 4,384 पुरुष, 1,117 महिलाएं, 57 बच्चे, 143 साधु, 24 साध्वी और एक ट्रांसजेंडर है।उन्होंने बताया कि बालटाल आधार शिविर के लिए जाने वाले 2,109 तीर्थयात्री 91 वाहनों में तड़के करीब तीन बजकर 40 मिनट पर सबसे पहले रवाना हुए।

इसके बाद कश्मीर में पहलगाम शिविर के लिए 3,617 तीर्थयात्रियों को लेकर 151 वाहनों का दूसरा काफिला रवाना हुआ। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिये 43 दिन की वार्षिक यात्रा दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पारंपरिक 48 किलोमीटर के नुनवान मार्ग और मध्य कश्मीर के गांदरबल में 14 किलोमीटर के बालटाल मार्ग से 30 जून को शुरू हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक 89,000से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा में बर्फ से बने शिवलिग के दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ यात्रा 11 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर समाप्त होगी।



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.