जयपुर। राजस्थान में मंगलवार को अशोक गहलोत सरकार एक और बड़ा फेरबदल करते हुए बड़ी संख्या में पुलिस महकमे के बड़े अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। प्रदेश में स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले गहलोत सरकार ने एक बार फिर पूरी ब्यूरोक्रेसी को मथ डाला है।

सोमवार देर रात आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों की तबादला सूचियों के बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में आरएएस और आरपीएस अधिकारियों की तबादला सूचियां जारी की गई हैं। राज्य सरकार ने पुलिस महकमे में 78 एएसपी और 103 डीएसपी बदल दिये हैं। वहीं 183 आरएएस अधिकारियों के भी तबादले भी कर दिये गये हैं।
बदले गए अधिकतर पुलिस अधिकारियों के प्रति लंबे समय से जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शिकायतें पुलिस मुख्यालय पहुंच रही थी। राज्य के गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 78 एएसपी के तबादले किए गए हैं. जबकि पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार 103 डीएसपी के तबादले किए गए हैं।