इंटरनेट डेस्क। एक तरफ सरकार गौधन को बचान के लिए तमाम प्रयास कर रही है वहीं अभी भी पॉलिथीन के इस्तेमाल पर रोक नहीं लगने की वजह से इसका खामियाजा आवारा पशुओं को उठाना पड़ रहा है। हाल ही हरियाणा के फरीदबाद जिले में एक हादसे में घायल हुई गाय की सर्जरी की गई। इस दौरान उसके पेट से 71 किलो से अधिक पॉलिथीन निकली और साथ दूसरा कचरा भी निकला। गाय के पेट से पॉलिथीन, सूई, सिक्के, पत्थर और कील भी निकली है।

देवआश्रय अस्पताल के डॉक्टर अतुल मोर्य ने बताया है कि गाय की सर्जरी सफल रही, लेकिन अभी भी वो खतरे से बाहर नहीं है। अगले 10 दिन बहुत महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार गाय को एनआईटी-5 फरीदाबाद से रेस्क्यू किया गया था। जहां एक कार के द्वारा गाय को टक्कर मार दी गई थी।

इसके बाद गाय को फरीदाबाद के देवआश्रय अस्पताल ले जाया गया। जहां पर गाय दर्द की वजह से अपने पेट पर लात मार रही थी। गाय के एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड टेस्ट में गाय के पेट के अंदर हानिकारक पदार्थों के होने की पुष्टि हुई।