Manipur Election 2017 Live: पहले चरण में सुबह 11 बजे तक 43 फीसदी वोटिंग

Samachar Jagat | Saturday, 04 Mar 2017 11:42:55 AM
Manipur Election 2017 Live Voting in Progress 38 seats in Manipur

इम्फाल। मणिपुर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शनिवार सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। चार घंटों के भीतर 11 बजे तक 43 फीसदी मतदान होने की खबर है। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। वहीं, वोट डालने के बाद इरोम शर्मिला ने कहा कि वो राजनीति की दिशा बदल देगीं। चुनाव में धन बल का उपयोग करने के लिए उन्होंने बीजेपी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि वो मुख्यमंत्री इबोबी सिंह के खिलाफ जीतेंगी।

इस बार कांग्रेस की अग्निपरीक्षा

भारतीय जनता पार्टी ने सभी 38 निर्वाचन क्षेत्रों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 37 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों को उतारा है। इस चुनाव को राज्य में ओकराम इबोबी सिंह के नेतृत्वी वाली कांग्रेस सरकार के लिए अग्निपरीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। यहां कांग्रेस सरकार पिछले 15 वर्षो से सत्ता में बनी हुई है।

चुनावी मैदान में इरोम शर्मिला

बहरहाल, पिछले साल अपना अनशन तोड़ पीपल्स रिसर्जेंस एंड जस्टिस अलायंस नामक पार्टी का गठन करने वाली मानवाधिकार कार्यकर्ता इरोम शर्मिला चानू पर सभी की निगाहें हैं। अफ्सपा हटाने की मांग को लेकर इरोम शर्मिला 16 साल से अनशन पर थीं और अब वह चुनाव लड़ रही हैं। 

मणिपुर में दो चरणों में वोटिंग

राज्य में दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण के तहत 38 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। पहले चरण के तहत इम्फाल पूर्व, इम्फाल पश्चिम, बिष्णुपुर, चूड़ाचंदपुर, कांगपोकपी और फेरेजोल जिलों में मतदान हो रहे हैं। पहले चरण के तहत 168 उम्मीदवार चुनवी मैदान में हैं जिसमें छह महिलाएं भी हैं। पहले चरण के मतदान में 5,44,050 पुरूष मतदाता और 5,75,220 महिला मतदाता हैं।  राज्य में 1,643 मतदान केंद्र हैं।
 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.