इंटरनेट डेस्क। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। खबरों के अनुसार, आज दिल्ली में आए भूकंप की रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 2.3 रही। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजधानी के नांगलोई में भूकंप के झटके सुबह 5 बजकर 2 मिनट पर महसूस किए गए। हालांकि इससे किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

पिछले आठ दिनों में दूसरी बार दिल्ली में भूकंप आया है। इससे पहले 18 दिसंबर को यहां पर भूकंप के झटके महसूस हुए थे। गौरतलब है कि जब से कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन लगाया गय था तब से लेकर अब तक राष्ट्रीय राजधानी में दस से ज्यादा बार भूकंप आ चुके हैं। इन भूकंपों का केन्द्र भी एनसीआर के आसपास ही रहा है।

इससे पहले वैज्ञानिकों ने हिमालय के आसपास घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भूकंप आने की आशंका जताई थी। इसके कारण आगामी समय में भारी तबाही मच सकती है। दिल्ली भी इसकी जद में हो सकती है।