अमित शाह के भोपाल दौरे की तैयारियां अंतिम चरणों में, 22 अप्रैल को आएंगे

Samachar Jagat | Wednesday, 20 Apr 2022 12:31:32 PM
Preparations for Amit Shah's visit to Bhopal are in the final stages, will come on April 22

भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शुक्रवार के भोपाल दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरणों में हैं और उनकी सुरक्षा के लिहाज से आयोजन स्थल जंबूरी मैदान और प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गयी है।


भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री शाह शुक्रवार यानी 22 अप्रैल को यहां जंबूरी मैदान पर वनोपज तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद वे अपरान्ह 04 बजे बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय भी पहुंचेंगे। वे वहां लगभग दो घंटे तक रुक सकते हैं।


पार्टी सूत्रों के अनुसार श्री शाह का प्रदेश भाजपा कार्यालय में पहुंचने का कार्यक्रम बाद में जोड़ा गया है। वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से यहां संगठन के संबंध में भी चर्चा कर सकते हैं। श्री शाह के जंबूरी मैदान में आयोजित होने वाले समारोह में राज्य भर से लगभग एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना के आधार पर प्रबंध किए जा रहे हैं।


दूसरी ओर श्री शाह की यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा दस्ता (एसपीजी) ने भी अपना मोर्चा संभाल लिया है। एसपीजी के अधिकारी जंबूरी मैदान और प्रदेश भाजपा कार्यालय के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था प्रदेश पुलिस के अधिकारियों के साथ और पुख्ता बनाने में जुट गए हैं।


राज्य में अगले वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव हैं। इस लिहाज से श्री शाह के प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने के कार्यक्रम को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.