- SHARE
-
इंटरनेट डेस्क। कांग्रेस की डूबती नैया को थामने वालीं पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का मुख्यमंत्री का चेहरा हो सकती हैं। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की किसान रैली में बेहद सक्रिय होने के साथ वह पार्टी को एक नई मजबूती भी प्रदान कर रही हैं। साथ ही उन्होंने संगम में डुबकी लगाकर हिंदुत्व का झंडा भी अपनी पार्टी में ऊंचा कर दिया है।
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा इन दिनों उत्तर प्रदेश को मथने में लगी हैं। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान आंदोलन को धार देने के साथ दिल्ली बॉर्डर पर कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों की मौत के बाद उनके घर जाकर सहानुभूति भी लेने के प्रयास में हैं। इसी बीच वह अचानक ही प्रयागराज पहुंची और मौनी अमावस्या पर संगम में तीन डुबकी लगाने के साथ ही नाव की पतवार भी संभाल ली।
कांग्रेस के गुप्त सूत्रों से पता चला है कि प्रियंका गांधी वाड्रा विधानसभा चुनाव 2022 में उत्तर प्रदेश से कांग्रेस से मुख्यमंत्री का चेहरा होंगी। संभवत: सितंबर-अक्टूबर में इसकी घोषणा हो सकती है। प्रियंका गांधी पिछले कुछ समय से लगातार यूपी में कांग्रेस को नई ऊर्जा प्रदान कर रही हैं।