Rajasthan में राज्यसभा की चार सीटों के लिए मतदान शुरू

Samachar Jagat | Friday, 10 Jun 2022 10:17:57 AM
Voting begins for four Rajya Sabha seats in Rajasthan

जयपुर : राजस्थान से राज्यसभा की चार सीटों के लिए मतदान शुक्रवार सुबह नौ बजे शुरू हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य विधानसभा परिसर में मतदान शाम चार बजे तक चलेगा और उसके बाद वोटों की गिनती की जाएगी। राजस्थान के 200 विधायक चार सीटों के लिए मतदान करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा और कांग्रेस के विधायक अपने-अपने होटलों से बसों के जरिये विधानसभा पहुंचे।

राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने तीन सीटों के लिए मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी और रणदीप सुरजेवाला को मैदान में उतारा है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व मंत्री घनश्याम तिवाड़ी को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है, जबकि वह मीडिया कारोबारी सुभाष चंद्रा का भी समर्थन कर रही है। संख्या बल के हिसाब से राजस्थान की 200 सीटों वाली विधानसभा में  कांग्रेस  अपने 108 विधायकों के साथ दो सीटें और भाजपा 71 विधायकों के साथ एक सीट आराम से जीत सकती है।

इसके बाद  कांग्रेस  के पास 26 और भाजपा के पास 30 अधिशेष वोट होंगे। कांग्रेस को अपने तीसरे प्रत्याशी को जिताने के लिए 15 और वोट (कुल 41) चाहिए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि निर्दलीय और भारतीय ट्राइबल पार्टी के विधायकों को मिलाकर उनके पास कुल 126 विधायकों का समर्थन है। वहीं, भाजपा के 30 अधिशेष और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के तीन सदस्यों के मत के साथ निर्दलीय चंद्रा के पास कुल 33 वोट हैं। चंद्रा को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के लिए 41 मत चाहिए। यानी वह जीत से आठ मत दूर हैं। 



 

यहां क्लिक करें : हर पल अपडेट रहने के लिए डाउनलोड करें, समाचार जगत मोबाइल एप। हिन्दी चटपटी एवं रोचक खबरों से जुड़े और अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें!

loading...
ताज़ा खबर

Copyright @ 2024 Samachar Jagat, Jaipur. All Right Reserved.