खेल डेस्क। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल भारत के रोहित शर्मा को पछाडक़र टी-20 क्रिकेट के सिक्सर किंग बन गए हैं। उन्होंने ये उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही पांच मैचों की टी-20 सीरीज के दूसरे मैच में हासिल की। इस मैच में मार्टिन गुप्टिल ने 97 रन की अर्धशतकीय पारी के दौरान केवल 50 गेंदों का सामना कर छह चौके और आठ छक्के लगाए।

34 साल के न्यूजीलैंड के बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल के अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 96 मैचों में सर्वाधिक 132 छक्के हो गए हैं। वहीं भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा अभी तक टी-20 क्रिकेट के 108 मैचों में 127 छक्के लगा चुके हैं। इस मामले में तीसरे स्थान पर इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन (113) हैं।

गुप्टिल ने मैच के दौरान टी-20 अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2700 रन भी पूरे किए। वह ये उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के दूसरे और न्यूजीलैंड के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। जिन्होंने अब तक 2773 रन बनाए हैं। जबकि मार्टिन गुप्टिल 2718 रन बना चुके हैं।