- SHARE
-
खेल डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी फिलहाल रांची स्थित घर पर आराम फरमा रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में वह अपने ऑर्गेनिक फार्म से स्ट्रॉबेरी तोड़कर खाते हुए नजर आ रहे हैं। धोनी सोशल मीडिया पर काफी कम ऐक्टिव रहते हैं, ऐसे में उनका यह वीडियो कुछ ही देर में वायरल हो गया है। इस वीडियो को शेयर करते हुए धोनी ने मजेदार कैप्शन भी लिखा।
उन्होंने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि मैं फार्म पर जाता रहूंगा तो मार्केट में जाने के लिए एक भी स्ट्रॉबेरी नहीं बचेगी। धोनी ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। जुलाई, 2019 के बाद से धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर हैं। 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल उनके करियर का आखिरी इंटरनेशनल मैच था।
हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद धोनी आईपीएल में खेलते नजर आए थे। हाल ही में धोनी पत्नी साक्षी और बेटी जिवा के साथ दुबई से छुट्टियां मनाकर लौटे हैं।