- SHARE
-
खेल डेस्क। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आज इंगलैंड के खिलाफ शतकीय पारी खेल कई रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवा लिए हैं। रोहित शर्मा अभी 159 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। वह अपनी पारी में 18 चौके और दो छक्के लगा चुके हैं।
33 साल के भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का ये टेस्ट क्रिकेट का सातवां शतक है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट के सातों शतक अपने घरेलू मैदान पर लगाए हैं। इस प्रकार वह अपने शुरू के सभी सात शतक घरेलू मैदान पर लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
वहीं रोहित शर्मा चार देशों (श्रीलंका, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड) के खिलाफ सभी प्रारूपों में शतक लगाने वाले एकलौते बल्लेबाज बन गए हैं।
रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाने के मामले में पाकिस्तान के मोहम्मद युसूफ और श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान को पछाड़ दिया है। इन दोनों क्रिकेटरों ने अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट में 39-39 शतक लगाए हैं। जबकि रोहित शर्मा का ये 40वां शतक है।