खेल डेस्क। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के स्वास्थ्य को लेकर अब एक बड़ी खबर आई है। कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल की ओर से खबर आई है कि अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली के दिल की नसों में बाकी ब्लॉकेज के लिए और एंजियोप्लास्टी नहीं की जाएगी। वुडलैंड्स अस्पताल ने बयान जारी कर बताया कि वह पहले से काफी बेहतर हैं।

वुडलैंड्स अस्पताल के 8 सदस्यों की चिकित्सा बोर्ड की बैठक में आज सौरव गांगुली के परिवार के लोगों के साथ उनके उपचार की योजनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान चिकित्सा बोर्ड के सदस्यों ने बाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज सौरव गांगुली के मेडिकल रिकॉर्ड और उनके मौजूदा हाल की समीक्षा की।

गौरतलब है कि 48 वर्षीय सौरव गांगुली को शनिवार को जिम में शारीरिक व्यायाम करते समय सीने में तकलीफ हुई थी। इसके बाद उन्हें वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इसके बाद डॉक्टरों ने उनकी एंजियोप्लास्टी की थी।